संवाद न्यूज एजेंसी
झांसी। भीषण गर्मी में सुधार कार्य उपभोक्ताओं पर भारी पड़ रहा है। रिवैंप योजना के साथ कराए जा रहे अन्य कार्य से आपूर्ति बाधित हो रही है। शुक्रवार को मुन्नालाल पावर हाउस पर 5 एमवीए ट्रांसफार्मर को हटाकर 10 एमवीए ट्रांसफार्मर लगाया गया। इस कार्य से दोपहर में आपूर्ति बाधित रही। शाम को भी कुछ फीडर बंद रहे। ऐसे में गर्मी में उपभोक्ताओं को बगैर बिजली के परेशान होना पड़ा।मुन्नालाल पावर हाउस ओवर लोड की समस्या से जूझ रहा है। अभी तक यहां 10-10 के दो और एक 5 एमवीए, कुल 25 एमवीए की क्षमता थी, लेकिन यह क्षमता नाकाफी थी। इसके चलते विभाग ने इसकी क्षमतावृद्धि का फैसला लिया और 5 एमवीए के स्थान पर 10 एमवीए का एक ट्रांसफार्मर लगाने की योजना बनाई गई। शुक्रवार को यह कार्य किया गया। ऐसे में यहां दोपहर करीब 3 बजे से शाम 5 बजे तक आपूर्ति बाधित हुई। दो दिन सूखने के बाद नया 10 एमवीए का ट्रांसफार्मर काम करना शुरू करेगा।