हाफिज सिद्दीकी नेशनल इंटर कॉलेज से कनिष्ठ सहायक की परीक्षा देकर बाहर आते अभ्यर्थी।
झांसी। शनिवार को अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की कनिष्ठ सहायक पद की परीक्षा हुई। नगर में बनाए गए 30 केंद्रों पर दो पालियों में हुई परीक्षा में लगभग पैंतालीस फीसदी परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। परीक्षा देकर बाहर आए ज्यादातर परीक्षार्थियों की खुश नजर आए। परीक्षार्थियों ने प्रश्नपत्र को सामान्य बताया।
परीक्षा की चहल-पहल नगर में सुबह से ही नजर आने लगी थी। बाहर से आए हुए अभ्यर्थियों का रेलवे स्टेशन व बस स्टैंड से अपने-अपने परीक्षा केंद्रों की ओर पहुंचना शुरू हो गया था। पहली पाली की परीक्षा सुबह 10 बजे से शुरू होकर 11.30 बजे तक चली, जबकि दूसरी पाली की परीक्षा दोपहर तीन से शाम साढ़े चार बजे तक हुई। पहली पाली में पंजीकृत 15,288 में से 8,017 तथा दूसरी पाली में 7,166 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी। दोनों पालियों के बीच में मिले समय में परीक्षार्थी नगर के पार्कों में डेरा डाले रहे। परीक्षार्थियों के आवागमन के चलते शहर की सड़कों पर ट्रैफिक भी खूब रहा। निगरानी के लिए प्रत्येक केंद्र पर एक-एक स्टेटिक मजिस्ट्रेट व 10 सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात रहे। परीक्षा देकर केंद्रों से बाहर आए ज्यादातर परीक्षार्थी खुश नजर आए। रीजनिंग और सामान्य ज्ञान के प्रश्न परीक्षार्थियों को खूब रास आए। परीक्षा के नोडल अधिकारी /नगर मजिस्ट्रेट सलिल कुमार पटेल ने बताया कि परीक्षा कड़ी निगरानी के बीच शांति पूर्ण तरीके से संपन्न हुई।
देर से आने वाले परीक्षार्थी हुए परेशान
परीक्षा केंद्र के भीतर परीक्षार्थियों को परीक्षा शुरू होने के तय समय के आधे घंटे के भीतर प्रवेश लेना था। लेकिन, कई परीक्षार्थी देर से पहुंचे। पांच - दस मिनट की देरी से पहुंचे परीक्षार्थियों को तो प्रवेश दे दिया गया। लेकिन, ज्यादा विलंब से पहुंचे परीक्षार्थियों को रोक दिया गया। इससे कई केंद्रों पर परीक्षार्थी व केंद्र पर तैनात कर्मचारी आपस में उलझते नजर आए।