झांसी। जिले के विकास की दृष्टि से साल 2021 अहम साबित होने जा रहा है। इस साल कई ऐसी परियोजनाओं की नींव रखी जानी है, जो आगामी सालों में मील का पत्थर साबित होंगी। कैंसर के इलाज के लिए बुंदेलखंड क्षेत्र के मरीजों को ग्वालियर और दिल्ली की ओर रुख नहीं करना होगा। बल्कि, कैंसर का उच्च स्तरीय इलाज उन्हें झांसी में ही उपलब्ध होगा। इसके लिए अलग से एक कैंसर अस्पताल का निर्माण किया जाएगा। इतना ही नहीं, पर्यटन के क्षेत्र में भी इस साल बड़ा काम होने जा रहा है। यहां एक तारामंडल (प्लेनिटेरियम) का निर्माण किया जाएगा। साथ ही, पर्यटकों की सुविधा के लिए बुंदेलखंड भवन का भी निर्माण होगा। ये सभी काम स्मार्ट सिटी मिशन योजना के तहत किए जाएंगे।
मेडिकल कॉलेज में 25 करोड़ से बनेगा कैंसर अस्पताल
झांसी। कैंसर के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। बुंदेलखंड क्षेत्र के मरीजों को इलाज के लिए ग्वालियर, दिल्ली और मुंबई की ओर रुख करना पड़ता है। ऐसे में उनका पैसा तो बहुत खर्च होता ही है और अक्सर जानकारी के अभाव में समुचित इलाज भी हासिल नहीं कर पाते हैं। लेकिन, अब इस कमी को पूरा करने के लिए झांसी में ही कैंसर हास्पिटल का निर्माण किया जाएगा। इसके निर्माण पर स्मार्ट सिटी के तहत 25 करोड़ रुपये की धनराशि खर्च की जाएगी। अस्पताल का निर्माण के लिए वर्तमान में दो विकल्पों पर काम चल रहा है। महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज के कैंसर रोग विभाग को उच्चीकृत कर कैंसर अस्पताल में तब्दील किया जा सकता है। इसके अलावा मेडिकल कॉलेज में अलग से कैंसर अस्पताल बनाने को लेकर भी विचार किया जा रहा है। इस संबंध में जल्द ही मेडिकल कॉलेज प्रशासन से वार्ता की जाएगी।
अरबन हाट के पास बनेगा तारामंडल
झांसी। क्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए बाइस करोड़ रुपये की लागत से यहां तारामंडल (प्लेनिटेरियम) का निर्माण किया जाएगा। तारामंडल का निर्माण वीरांगना महारानी लक्ष्मीबाई के ऐतिहासिक दुर्ग की तलहटी में स्थित अरबन हाट के पास किया जाएगा, ताकि किला घूमने आने वाले पर्यटक तारामंडल का भ्रमण भी कर सकें। तारामंडल में लोगों को आकाशगंगा के नजारे देखने को मिलेंगे। खासतौर पर विद्यार्थियों के लिए ये बेहद लाभदायक साबित होगा। वे तारामंडल में आकर किताबों में पढ़ी जाने वाली आकाशीय गतिविधियों की जानकारी प्रयोगात्मक रूप से हासिल कर सकेंगे। उल्लेखनीय है कि झांसी में बनने वाला तारामंडल बुंदेलखंड क्षेत्र समेत आसपास के इलाकों में पहला होगा।
पर्यटकों को सुविधा देगा बुंदेलखंड भवन
झांसी। झांसी में इस साल बुंदेलखंड भवन के निर्माण की भी नींव रखी जाएगी। अब तक झांसी आने वाले पर्यटकों को अपने रुकने का इंतजाम होटलों में करना पड़ता है, जिसमें उनका खासा पैसा खर्च होता है। बुंदेलखंड भवन बन जाने से इसमें उन्हें रियायती दरों पर रुकने की सहूलियत हासिल होगी। इतना ही नहीं, क्षेत्रीय सांस्कृतिक कलाकारों के ठहरने के लिए भी यहां अलग से व्यवस्था की जाएगी। इसके अलावा बुंदेलखंड भवन में दीनदयाल सभागार की तरह मंच भी होगा, जिसमें कलाकार अपनी प्रस्तुति दे सकेंगे। हालांकि, अभी इसके लिए जगह का चयन नहीं हुआ है। लेकिन, बुंदेलखंड भवन का निर्माण किले के आसपास किए जाने की योजना पर काम चल रहा है।
तारों का नहीं होगा जाल, महानगर में बिछाई जाएगी अंडरग्राउंड केबल
झांसी। सोमवार को कमिश्नरी सभागार में मंडलायुक्त सुभाष चंद्र शर्मा की अध्यक्षता में स्मार्ट सिटी की 18वीं बोर्ड बैठक हुई, जिसमें कई प्रस्तावों को अनुमोदित किया गया।
बैठक में मंडलायुक्त ने तारामंडल के निर्माण के लिए सर्वे कराए जाने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी आंद्रा वामसी ने कैंसर हॉस्पिटल व बुंदेलखंड भवन बनाए जाने का प्रस्ताव रखा। इस दौरान मंडलायुक्त ने कहा कि महानगर में अंडरग्राउंड केबलिंग के कार्य में यदि धन की कमी है तो इसे प्राथमिकता के आधार पर दो चरणों में पूरा किया जाए। पानी वाली धर्मशाला में नालों का गंदा पानी जाने से रोकने की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। बॉयोमेडिकल वेस्ट प्रोजेक्ट के लिए स्थल चयन के लिए नगर आयुक्त अधिकृत किया। इस दरम्यान स्मार्ट सिटी के नोडल अधिकारी अमित शर्मा ने बताया कि वर्तमान में 351 करोड़ के कार्य चल रहे हैं। इस मौके पर नगर आयुक्त अवनीश कुमार राय, जेडीए उपाध्यक्ष सर्वेश कुमार दीक्षित, अपर नगर आयुक्त शादाब असलम आदि समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।