झांसी। रानी लक्ष्मीबाई केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय के वैज्ञानिकों ने सब्जियों में लगने वाले प्रमुख कीट एवं रोकथाम की सलाह दी है। कृषि वैज्ञानिक डॉ. सुंदर पाल और डॉ. अर्जुन लाल ओला ने बताया कि बुंदेलखंड में इन सब्जियों पर इस समय डायमंड बेक शलभ, जाला बनाने वाली इल्ली, गोभी की सेमी लूपर इल्ली, गोभी की तितली, तना छेदक तंबाकू की इल्ली और माहू का खतरा है। बताया कि डायमंड बेक शलभ मादा पत्तियों के नीचे अंडे देती हैं और इनसे हल्के पीले रंग के साथ शरीर पर काले बाल वाली छोटी इल्लियां निकलती हैं। जोकि, 10-16 दिनों तक इल्ली बनी रहती हैं। यह वृद्धि कर रहे भाग को खाकर क्षतिग्रस्त कर देती हैं, जिससे पौधे फल नहीं बना पाते। जाला बनाने वाली इल्लियां पत्तियों के हरे भाग को खाकर कंकाल बना देती हैं। माहू पत्तियों के नीचे बैठकर पौधे से रस चूसकर नुकसान पहुंचाती हैं। इन कीटों से बचाव के लिए चार प्रतिशत नीम तेल का घोल बनाकर 10 दिनों के अंतराल पर दो बार छिड़काव करें। इसके अलावा बाजार में कई दवाएं भी मौजूद हैं। रसायन छिड़काव के एक सप्ताह बाद ही फसल की तुड़ाई करें।
झुलसा रोग की चपेट में आलू की फसल।