झांसी। रमजान माह के आखिरी जुमा पर महानगर की मस्जिदों में अलविदा जुमा की नमाज अदा करने के लिए मुस्लिम समाज के लोग उमड़ पड़े। इस दौरान नमाजियों ने अल्लाह से अच्छी बरसात की दुआ मांगी। नमाज के दौरान सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रही। इससे पूर्व सुबह ही साफ-सफाई की गई।
अलविदा जुमा की नमाज अदा करने के लिए सुबह से मुस्लिम बहुल इलाकों और मस्जिदों में तैयारियां जोरों पर रहीं। इलाइट चौराहा, मरकजी मस्जिद, कोतवाली की ढाल स्थित मस्जिद सहित कई मस्जिदों के बाहर नमाजियों के लिए टेंट लगाए गए। दोपहर निर्धारित समय में नमाजियों ने अलविदा जुमा की नमाज अदा की। बिसात खाना मस्जिद में मुफ्ती मोहम्मद साबिर कासमी ने अपनी तकरीर में कहा कि रमजान में जिसने जकात देकर गरीबों और जरूरतमंदों की मदद की, उसे अल्लाह खुश होकर रमजान का शबाब खुद देते हैं। वहीं, नमाज अदा कर मुस्लिमों ने देश में अमन चैन और अच्छी बरसात की दुआ मांगी। इधर, मरकजी मस्जिद में भी लोगों ने नमाज अदा की और अल्लाह से बरसात की दुआ मांगी। सदर बाजार मस्जिद में नमाजी उमड़ पड़े। हाफिज अतीउल रहमान ने नमाज पढ़ाई। इस अवसर पर हाजी सब्बीर, हाजी सैयद नजर अली, मुहम्मद लतीफ आदि मौजूद रहे।
इधर, नई बस्ती स्थित शिया मस्जिद में अलविदा जुमा की नमाज अदा की गई। नमाज मौलाना शाने हैदर जैदी ने पढ़ाई। अपनी तकरीर में उन्होंने कहा कि रोजा रखें और इबादत करें। जरूरतमंदों और गरीबों की मदद करें। गुनाहों से तौबा करें और गलतियों को फिर से न दोहराएं। इस अवसर पर सैयद शहनशाह हैदर आब्दी, बरकत जैदी, उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग के सदस्य फरमान जैदी, मौलाना इक्तिदार हुसैन, हाजी अजहर अली, हाजी शाहिद हुसैन आदि मौजूद रहे।
बड़ागांव। रमजान के आखिरी जुमे की नमाज बस स्टैंड के पास स्थित जामा मस्जिद में मौलवी हाफि ज अब्दुल अजीज ने अदा कराई। इस मौके पर हाजीबाबू खां, इब्राहिम खान, जे. आलम, मुराद अली, हमीद खान आदि मौजूद रहे।
सुबह से चला सफाई अभियान
अलविदा जुमा की नमाज से पहले शुक्रवार को सुबह से ही मुस्लिम बहुल्य क्षेत्रों में साफ सफाई के लिए नगर निगम ने अभियान चलाया। भांडेरी गेट, सैंयर गेट आदि इलाकों में सफाई कर्मी कचरा उठाया।
चौकस रही सुरक्षा व्यवस्था
नमाज के दौरान सुरक्षा व्यवस्था भी चौकस रही। मरकजी मस्जिद सहित महानगर क ी अधिकांश मस्जिदों के बाहर पुलिस अधिकारियोें व सिपाहियों की तैनाती रही।
महिलाओं ने नमाज पढ़ मांगी अमन चैन की दुआ
झांसी। प्रेमनगर स्थित जुगनू मैरिज हाल में जुमे पर सलातुत तस्बीह की विशेष नमाज अदा की गई। इसमें जालौन, ललितपुर, ग्वालियर और बबीना की महिलाओं ने भी हिस्सा लिया। नमाज के दौरान देश में अमन चैन की दुआ मांगी गई।
सलातुत तस्बीह की नमाज का आयोजन रमजान माह में जुहर की नमाज से पूर्व किया जाता है। इस नमाज को पढ़ने से गुनाह कम हो जाते हैं। यह नमाज नमाज की चार रकात की होती है। इसे विशेष तरीके से अदा किया जाता है। इस नमाज को पढ़ने के लिए महिलाओं में उत्साह दिखा। नमाज के दौरान महिलाओं ने मुल्क व लोगों की सलामती के साथ भाईचारे की दुआ मांगी। इस अवसर पर जरीना बेगम, हज्जन बिस्मिल्लाह, नसीम, शहनाज, सलमा, रजिया बेगम, अफरोज, सोफिया, आसिफ जहां आदि मौजूद रही। नमाज हज्जन अनीस सुल्ताना ने पढ़ाई। वहीं व्यवस्था मोहम्मद रसीद ने की।
रोजा इफ्तार कराया
पारीछा कालोनी परिसर स्थित जामा मस्जिद में जिला कांग्रेस कमेटी के मंत्री केशव सिंह मुन्ना भइया ने, बड़ागांव नगर की जामा मस्जिद में राहुल सिंह पारीछा ने रोजेदारों को रोजा इफ्तार कराया। इस अवसर पर फरीद अहमद, राजीव रिछारिया, चंद्रशेखर, बृजमोहन तिवारी, जगमोहन सिंह, योगेंद्र सिंह, सुनील रिछारिया, प्रदीप गुप्ता आदि मौजूद रहे।