अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। सही समय पर प्रबंधन से लक्ष्य को आसानी से प्राप्त कर सकते हैं। झांसी स्पेस म्यूजियम व ध्यानचंद म्यूजियम ज्ञान के भंडार हैं, जहां से सीखने के बेहतरीन अवसर मिलते हैं। यह बात शनिवार को नगर आयुक्त एवं स्मार्ट सिटी के सीईओ सत्यप्रकाश ने बीयू में चल रही एचआर समिट में कही।
सम्मिट में उद्योग जगत के विशेषज्ञों ने चर्चाएं करते हुए स्किल डेवलपमेंट, टाइम मैनेजमेंट व विभिन्न क्षेत्रों में कॅरिअर के अवसरों के बारे में बताया। बैंक ऑफ महाराष्ट्र के जोनल मैनेजर आदित्य प्रकाश ने आत्मविश्वास की आवश्यकता पर बल दिया। एक कंपनी के एसोसिएट डायरेक्टर प्रसाथ पन्नीरसेल्वम ने छात्रों को इंडस्ट्री ट्रेंड्स के अनुसार खुद को अपडेट रखने की सलाह दी। कहा, जो कुछ सीखा जाए, उसका अभ्यास करना सबसे महत्वपूर्ण है। एक कंपनी ताहेर कोटावाला ने कॉलेज से कॉर्पोरेट जगत में जाने की प्रक्रिया पर चर्चा की।
कुलपति प्रो. मुकेश पांडेय ने बीयू के 49 वर्षों के सफर पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा बैंकिंग व इंडस्ट्री सेक्टर में एआई और टेक्नोलॉजी के कारण नौकरियों की संभावनाएं बढ़ रही हैं। कुलपति ने शिक्षकों और स्वयंसेवकों को ट्रेनिंग और प्लेसमेंट सेल के प्रमाण पत्र वितरित किए। समन्वयक डॉ. संदीप अग्रवाल ने बताया 21 फरवरी से पांच मार्च तक प्लेसमेंट ड्राइव आयोजित हो रहा है, जिसमें 15 कंपनियां भाग लेंगी।