पंचवटी कॉलोनी में प्लोट पर की गई ब्लास्टिंग से उड़ती धूल
- फोटो : अमर उजाला
महानगर में रीयल एस्टेट कारोबार अब ‘गैंगवार’ का रूप लेता जा रहा है। रसूखदारों की शह पर दबंगों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि वर्चस्व कायम करने के लिए वे दिनदहाड़े प्रतिबंधित विस्फोटक से ब्लास्टिंग करने और मारपीट से भी नहीं डर रहे हैं। बुधवार को कोतवाली क्षेत्र में उनाव गेट इलाके की एक जमीन पर मशीनें लेकर पहुंचे कुछ लोगों ने ब्लास्टिंग कर दी। इससे आसपास के लोग दहल उठे। धमाके की आवाज सुनकर दूसरे पक्ष ने अपनी जमीन बताते हुए हंगामा कर दिया। कहासुनी के बाद मारपीट हो गई। पुलिस के पहुंचने से पहले लोग मशीनें लेकर भाग निकले। सीओ ने कोतवाल को जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
बुधवार सुबह अंजनी माता मंदिर के पास एक जमीन पर कुछ लोग जेसीबी मशीन लेकर पहुंच गए। कुछ देर बाद उक्त लोगों ने ब्लास्टिंग कर जमीन समतल कर दी। विस्फोट इतना भयंकर था कि लोग सहम गए। दूर-दूर तक धुएं के गुबार उठे। सहमे हुए लोग घरों में सुरक्षित स्थान पर पहुंच गए। ब्लास्टिंग के बाद दूसरे पक्ष के लोग भी मौके पर पहुंच गए। जमीन अपनी बताते हुए उन्होंने हंगामा खड़ा कर दिया। दोनों पक्षों में अपनी-अपनी जमीन बताकर विवाद होने लगा। देखते-देखते एक पक्ष ने दूसरे पक्ष के लोगोें के साथ मारपीट कर दी। इस बीच किसी ने वीडियो बना लिया। पुलिस के पहुंचने से पहले उक्त लोग मशीनें लेकर भाग निकले।
बताया जा रहा है कि दोंनो पक्ष जमीन का कारोबार करते हैं। इन्हें रसूखदारों के साथ ही राजनीतिक संरक्षण भी प्राप्त है। पुलिस ने दोनों पक्षों को कोतवाली बुलाया। इसी बीच जमीन पर ब्लास्टिंग का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने लगा। खबर पाकर सीओ राजेश कुमार सिंह भी कोतवाली पहुंच गए। जमीन पर ब्लास्टिंग के मामले में उन्होंने जांच कराकर कोतवाली पुलिस को कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। सीओ ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
कहां से आई विस्फोटक सामग्री
दिनदहाड़े शहर क्षेत्र में ब्लास्टिंग को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं। सबसे बड़ा सवाल उठता है कि आखिर किसके पास और कैसे विस्फोटक सामग्री पहुंची। किसके इशारे पर ब्लास्टिंग हुई। इसको लेकर भी कई चर्चित नाम भी सामने आते रहे। पुलिस जांच में कई नाम सामने आ सकते हैं।
खनन विभाग करेगा जांच
सिटी मजिस्ट्रेट सलिल कुमार पटेल ने बताया कि मामले को गंभीरता से लिया गया है। खनन विभाग मामले की जांच करने के साथ ही मुकदमा भी दर्ज कराएगा। पुलिस भी अपने स्तर से जांच कर रही है। आरोपियों पर सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।