झांसी। रोडवेज बसों का संचालन शुरू होने के साथ ही पुलिस ने बस स्टैंड पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है। बस में सवार होने से पहले हर यात्री के आधार कार्ड की फोटो कॉपी के साथ ही रजिस्टर में उसका नाम व पता भी दर्ज किया जा रहा है, ताकि बस में कोई आपराधिक व्यक्ति सवार न हो सके।
एक जून से बस स्टैंड से रोडवेज बसों का संचालन शुरू हो चुका है। यहां से ललितपुर, उरई, शिवपुरी, कानपुर, लखनऊ, प्रयागराज, दिल्ली व अन्य स्थानों के लिए रोडवेज बसें चलना शुरू हो गई हैं। यात्रियों को सुरक्षित यात्रा कराने के साथ-साथ पुलिस व रोडवेज डिपो के अधिकारियों ने भी तैयारी कर ली है। जहां बस स्टैंड के इर्दगिर्द पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे वहीं, यात्रियों की भी पूरी जानकारी भी रोडवेज कर्मी ले रहे हैं। बस में सवार होने से पहले प्रत्येक यात्री के आधार कार्ड की फोटो कॉपी के साथ-साथ रजिस्टर में नाम, पता व मोबाइल नंबर भी दर्ज किया जा रहा है। एसपी सिटी राहुल श्रीवास्तव ने बताया कि यात्रियों की सुरक्षा के मद्देनजर यह कदम उठाया गया है। दिन भर पुलिसकर्मी बस स्टैंड पर तैनात रहेंगे।