झांसी। झांसी से दतिया जा रही सवारियों से भरी एक बस अंबावाय के पास डिवाइडर से टकराकर पलट गई। दुर्घटना में बस में सवार तेरह सवारियां घायल हो गईं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया है।
शनिवार दोपहर झांसी से एक बस दतिया के लिए रवाना हुई। बस अभी अंबावाय के पास पहुंची थी, तभी अचानक चालक बस पर नियंत्रण नहीं रख सका। बस डिवाइडर से टकराकर सड़क से उतरने के बाद पलट गई। इससे बस में सवार यात्रियों में चीख पुकार मच गई। सूचना पर सीपरी बाजार पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायल दतिया के सेवढ़ा निवासी चालक मंजर खान (49), अमन गौतम (17), मुकेश यादव (30), सुनीता (35), जगदीश (60), राजकुमार (42), कुंती देवी (55), आरती (25), अंजली (23), राधा (25), शारदा (60), संतोष (27) व संगीता (27) को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। प्राथमिक उपचार के बाद सभी अपने-अपने घर चले गए। पुलिस ने बस चालक को हिरासत में ले लिया है।