झांसी। बीती रात बिजौली स्टेशन पर खड़ी डीजल टैंकर मालगाड़ी के एक टैंक में आग लग गई। समय रहते सूचना मिलने से बड़ा हादसा टल गया। मौके पर पहुंचे रेलवे के आग निरोधक दस्ते ने तत्काल आग पर काबू पा लिया। टैंक की मरम्मत कर मालगाड़ी झांसी यार्ड में खड़ी कर दी गई है।
शनिवार-रविवार की मध्य रात्रि तकरीबन बारह बजे बिजौली रेलवे स्टेशन पर लूप लाइन में चौबीस घंटे से खड़ी रायरू स्पेशल मालगाड़ी के एक टैंक में आग लग गई।
गार्ड कोच से आगे के पांचवें टैंक क्रमांक ईसीयूआर 401206550 में तेल रिसाव होने की वजह से आग लग गई। इसी दौरान वहां से निकली एक अन्य गाड़ी के चालक की नजर आग पर पड़ गई।
उसने तत्काल कंट्रोल रूम को सूचना दी। आग की सूचना से रेल प्रशासन में हड़कंप मच गया। आग निरोधक दस्ता तत्काल मौके पर रवाना हुआ। आग फैलने से पहले ही टैंक की मरम्मत कर दी गई।
इसके बाद गाड़ी को झांसी यार्ड में लाया गया। मालूम हो कि इस गाड़ी को झांसी से होकर ग्वालियर के पास स्थित रायरू जाना था।