संवाद न्यूज एजेंसी
झांसी। खजुराहो से दिल्ली के बीच मंगलवार से चलने वाली बुंदेलखंड की पहली वंदेभारत एक्सप्रेस केसरिया रंग की होगी। आठ कोच वाली इस ट्रेन में यात्रियों के लिए कई सुविधाएं होंगीं। ट्रेन की अधिकतम रफ्तार 130 किमी प्रतिघंटा होगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वर्चुअली हरी झंडी दिखाने के बाद ट्रेन 12 मार्च को खजुराहाे से दिल्ली के लिए तय समय 9:30 बजे से 15 मिनट पहले 9:15 बजे रवाना होगी। ट्रेन का जगह-जगह स्टेशनों पर स्वागत किया जाएगा।
अब तक देशभर में दौड़ रहीं वंदेभारत एक्सप्रेस का रंग नीला और सफेद है। मंगलवार से बुंदेलखंड के पर्यटन हब खजुराहाे और देश की राजधानी दिल्ली को जोड़ने के लिए शुरू हो रही वंदेभारत एक्सप्रेस केसरिया रंग की होगी। इस ट्रेन में यात्रियों के लिए कई सारी सुविधाएं होंगी। खजुराहो-निजामुद्दीन वंदेभारत में आठ कोच होंगे। इसमें 7 कोच एसी चेयरकार और 1 एग्जिक्यूटिव क्लास का होगा। ट्रेन में कुल 602 सीटें होंगीं। जिसमें सात एसी चेयरकार कोच में 546 सीट और एग्जिक्यूटिव क्लास के एक कोच में 56 सीट होंगी। ट्रेन के संचालन शुभारंभ कार्यक्रम के समय में रेलवे ने बदलाव किया। पहले 12 मार्च को होने वाले संचालन शुभारंभ कार्यक्रम का समय सुबह 9:30 बजे निर्धारित किया गया था, लेकिन अब इसे बदल कर 15 मिनट पहले 9:15 बजे कर दिया गया है।
रानी कमलापति-हजरत निजामुद्दीन वंदेभारत नीले-सफेद रंग की
अब तक झांसी में रुकने वाली रानी कमलापति और हजरत निजामुद्दीन वंदेभारत एक्सप्रेस सफेद और नीले रंग की हैं। इसमें 16 कोच हैं। जिसमें 14 कोच एसी चेयरकार हैं और दो एग्जिक्यूटिव क्लास के कोच हैं।
-इन स्टेशनों पर स्वागत के लिए रुकेगी ट्रेन
मंगलवार को खजुराहो से चलकर हजरत निजामुद्दीन जाने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस को स्वागत के लिए छतरपुर, टीकमगढ़, ललितपुर, वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी, ग्वालियर और आगरा स्टेशन पर ठहराव दिया जाएगा। जहां विभिन्न संगठन और जनप्रतिनिधि ट्रेन का स्वागत करेंगे।
130 किमी प्रतिघंटा होगी रफ्तार
खजुराहो-हजरत निजामुद्दीन वंदे भारत एक्सप्रेस अपने 658 किलोमीटर के सफर को 8.20 घंटे में पूरा कर लेगी। इस दौरान ट्रेन की औसत स्पीड 80.33 किलोमीटर प्रतिघंटा की होगी। ट्रेन पलवल से ललितपुर के बीच अधिकतम 130 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से दौड़ेगी। वहीं, ललितपुर से खजुराहो के बीच ट्रेन की अधिकतम रफ्तार 110 किमी प्रतिघंटा होगी।
झांसी मंडल के स्टाफ के हाथ होगा ट्रेन का संचालन
खजुराहो वंदेभारत एक्सप्रेस के संचालन की जिम्मेदारी रेलवे बोर्ड ने झांसी मंडल के रनिंग स्टाफ को सौंपी है। इसमें झांसी के लोको पायलट और ट्रेन मैनेजर खजुराहो से निजामुद्दीन और निजामुद्दीन से खजुराहो के बीच ट्रेन का संचालन करेंगे। साथ ही ट्रेन में टिकट चेकिंग का काम भी झांसी के स्टाफ को सौंपा गया है।
वर्जन
12 मार्च को खजुराहो से सुबह 9:15 बजे वंदेभारत एक्सप्रेस का शुभारंभ संचालन प्रधानमंत्री द्वारा वर्चुअल रूप से झंडी दिखाकर किया जाएगा। इस दिन ट्रेन में यात्रा के लिए टिकट बुक नहीं होंगे। यात्रियों के लिए सीट बुकिंग की सुविधा भी जल्दी ही शुरू हो जाएगी।
- दीपक कुमार सिन्हा, मंडल रेल प्रबंधक, झांसी।