झांसी। बुंदेलखंड विश्वविद्यालय के अंतर्गत निर्माणाधीन नौ नए महाविद्यालयों में इसी शैक्षणिक सत्र से पढ़ाई शुरू हो सकती है। इसको लेकर शासन भी बेहद गंभीर है। प्रगति आख्या के बाद अब शासन ने बीयू को भी पत्र लिखकर पढ़ाई शुरू कराने के संबंध में ब्योरा मांगा है। राजकीय महाविद्यालय पाही, चित्रकूट का निर्माण सबसे तेज चल रहा है। वहीं, कुछ कॉलेजों में निर्माण की गति धीमी है। इसके बावजूद उच्च शिक्षा विभाग का कहना है कि शैक्षणिक सत्र 2021-22 से ही पढ़ाई शुरू करा दी जाएगी।
बुंदेलखंड यूनिवर्सिटी के अंतर्गत बबीना के गणेशपुरा, मऊरानीपुर के कटेरा, ललितपुर के जखौरा, माधौगढ़ के कोंच, जालौन के कालपी, हमीरपुर के राठ, झांसी के बिजौली, चित्रकूट के पाही और महोबा के जैतपुर में राजकीय महाविद्यालय का निर्माण कार्य चल रहा है। सभी नौ महाविद्यालयों में सबसे तेज प्रगति पाही के निर्माणाधीन कॉलेज की है। यहां 55 फीसदी निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। इसके अलावा मऊरानीपुर में भी कॉलेज का निर्माण तेजी से चल रहा है। यहां पर 53 फीसदी निर्माण पूरा हो चुका है।
इसके अलावा बबीना, महोबा, जालौन में 20 फीसदी के ऊपर निर्माण किया जा चुका है। वहीं, जखौरा, हमीरपुर, जालौन, झांसी नगर में निर्माण की गति सुस्त है। यहां पर 20 फीसदी से कम निर्माण पूरा हुआ है। हालांकि, अधिकारी इसके पीछे कारण देर से बजट मिलने और फिर लॉकडाउन लगना बता रहे हैं। हाल ही में शासन की तरफ से विश्वविद्यालय को पत्र लिखकर शैक्षणिक सत्र शुरू कराने को लेकर ब्योरा मांगा गया है। बीयू की तरफ से जल्द ही जवाब तैयार करके शासन को भेजा जाएगा।
सभी नौ महाविद्यालयों के निर्माण की प्रगति ठीक है। इसी तरह काम चलता रहा तो इसी सत्र से नौ कॉलेजों मेें पढ़ाई शुरू करा दी जाएगी। कार्यदायी संस्थाओं से भी पहले भूतल तैयार करने पर बातचीत की जा रही है। - डॉ. संध्या रानी, उच्च शिक्षा अधिकारी।