होली में शासन गरीबों को चीनी बांटेगा।
- फोटो : ???? ????
बुंदेलखंड के ढाई लाख गरीबों की होली होगी मीठी
झांसी। प्रदेश सरकार बुंदेलखंड के करीब ढाई लाख गरीबों के होली के त्योहार में मिठास घोलेगी। पूर्ति विभाग मार्च महीने में अंत्योदय कार्डधारकों को तीन किलो चीनी का वितरण कराएगा।
सरकार ने साल 2017 में राशन के साथ चीनी का वितरण बंद कर दिया था। लॉकडाउन में सरकार ने गरीबों को राशन मुहैया कराने के दौरान गेहूं और चावल के अलावा चने का वितरण किया। इसके साथ ही चीनी का वितरण फिर से शुरू किया गया। जनवरी माह में अंत्योदय कार्डधारकों को चीनी का वितरण नहीं किया गया था। ऐसे में सरकार होली के त्योहार से पहले मार्च महीने में अंत्योदय कार्डधारकों को चीनी का वितरण करेगी। कार्डधारकों को सामान्य राशन गेहूं और चावल के साथ 18 रुपये प्रति किलो की दर से चीनी मिलेगी। विभाग के अधिकारियों के मुताबिक हर कार्डधारक को एक कार्ड पर तीन महीने की तीन किलो चीनी दी जाएगी। इसके लिए विभागीय स्तर पर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। चीनी का आवंटन होने के बाद कोटेदारों के पास पहुंचाए जाने का काम जल्द शुरू होना है। डीएसओ तीर्थ राज यादव ने बताया कि अंत्योदय कार्डधारकों को चीनी का वितरण मार्च में किया जाना है। इसकी तैयारियां चल रही हैं।
बुंदेलखंड में अंत्योदय कार्डधारक
बांदा- 47739
चित्रकूट- 22774
हमीरपुर- 35855
जालौन- 37449
झांसी- 45802
ललितपुर- 27132
महोबा- 16223