फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पर्यटन, दलहन का हब बने बुंदेलखंड

Sat, 09 Jul 2016 12:44 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो
विज्ञापन
bundelkhand, jhandi hindi news - फोटो : demo
विज्ञापन
झांसी। बुंदेलखंड विश्वविद्यालय में आयोजित ‘बुंदेलखंड समिट एंड अवॉर्ड’ कार्यक्रम में बुंदेलखंड के विकास पर हुई परिचर्चा में जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों, नौकरशाहों ने विचार रखे। सभी ने बुुंदेलखंड को पर्यटन का केंद्र बनाने और किसानों की हालत सुधारने पर जोर दिया। वक्ताओं ने कहा कि बुंदेलखंड को दलहन का हब बनाया जा सकता है।
विज्ञापन


बांदा-चित्रकूट लोकसभा क्षेत्र से सांसद भैरो प्रसाद मिश्रा ने कहा कि बुंदेलखंड के हालात चिंता का विषय हैं। बुंदेलखंड को पर्यटन और दलहन का हब बनाकर विकास किया जा सकता है। साथ ही किसानों को कम पानी वाली फसलों के लिए प्रेरित किया जाना चाहिए। पूर्व केंद्रीय मंत्री प्रदीप जैन आदित्य ने कहा कि सरकार को किसानों का कर्ज माफ करना चाहिए। यूपी, एमपी के बुंदेलखंड से 18 लाख लोग पलायन कर चुके हैं, यह चिंता की बात है। विधायक दीपनारायण सिंह यादव ने कहा कि बुंदेलखंड में 90 फीसदी जीवन कृषि पर आधारित है। बुंदेलखंड को पानी की आवश्यकता है। इसी के मद्देनजर एरच में मुख्यमंत्री ने बांध का शिलान्यास कर दिया है। ललितपुर में भी 11 बांधों पर काम चल रहा है।

पूर्व एमएलसी युवराज सिंह ने कहा कि किसानों में जागरूकता की कमी से बुुंदेलखंड पिछड़ा है। किसानों को जैविक खेती के लिए प्रोत्साहित किया जाना चाहिए। जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष पुष्पेंद्र यादव ने कहा कि बुंदेलखंड का पिछड़ापन दूर करना चुनौती है। शिक्षा बिना इसे दूर नहीं किया जा सकता है। महापौर किरन वर्मा ने कहा कि जो योजनाएं किसान, युवा के लिए आती हैं, उनका लाभ उन्हें पूरी तरह से नहीं मिल पाता है। योजनाओं के लिए जो पैसा आता है, वो दलगत राजनीति के चलते जरूरतमंदों तक नहीं पहुंच पाता है। पूर्व सांसद रामकृष्ण कुसमरिया ने कहा कि हमें साहित्य, संस्कृति की कला बढ़ानी होगी। यूपी, एमपी के बुंदेलखंड में संपर्क बढ़ाना होगा। गांवों के उद्योग खत्म हो गए हैं।
विज्ञापन


गांव बचेंगे तो बुंदेलखंड बचेगा। डॉ. विजय खैरा ने तंज कसा कि सरकार के पास रायबरेली, सैफई और लखनऊ के लिए बजट है। उन्होंने सपा विधायक से मांग की कि ग्वालियर रोड पर रेलवे पुल बनाने के लिए रेलवे तैयार है, यदि प्रदेश सरकार स्वीकृति दे देती है तो क्रॉसिंग बंद होने से वाहनों को काफी देर खड़ा नहीं होना पड़ेगा। इस दौरान सांसद पुष्कर सिंह चंदेल, विधायक रवि शर्मा, नगर पालिका अध्यक्ष विनोद जैन ने भी विचार रखे। आभार श्यामजी निगम ने जताया। कार्यक्रम संयोजक सचिन चतुर्वेदी, अतुल अग्रवाल, श्रवण द्विवेदी मौजूद रहे।
बॉक्स
संगीता, एश्वर्या ने बांधा समां
मुंबई से आईं तबला वादक दतिया निवासी संगीता ने शानदार प्रस्तुति देकर समां बांध दिया। उन्होंने महारानी लक्ष्मीबाई के युद्ध में किए गए संघर्ष को भी तबला की ध्वनि के जरिए बखान किया। इसके अलावा सागर निवासी एश्वर्या ने दिल्ली में हुए दामिनी कांड पर ‘अन्याय होते न तमाशा देखिए, भेड़ियों की बोटी-बोटी काट दीजिए’ धनाक्षरी सुनाई तो हाल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।

इनका हुआ सम्मान
बुंदेलखंड की सौ प्रतिभाओं, समाजसेवियों को फिल्म अभिनेत्री रति अग्निहोत्री ने सम्मानित किया। ऊर्जा बचाओ अभियान के लिए डीआरएम झांसी एसके अग्रवाल, निशानेबाजी के लिए महिला थानाध्यक्ष झांसी रंजना गुप्ता, तबला वादक संगीता त्रिवेदी, एक्टिंग के लिए सागर के गोविंद नामदेव व महोबा के पद्म सिंह, सागर के रहीश मकरानी, एडीजी विजय कुमार, बालिका कवि एश्वर्या दुबे, दमोह के शायर नय्यैर दमोही, बांदा की डॉ. सुनीता जोशी आदि सम्मानित हुए।

उभरते स्कूल का मिला सम्मान
झांसी। बुंदेलखंड समिट एंड अवार्ड में संस्कृति संस्कार पब्लिक स्कूल बरुआसागर को बुंदेलखंड में सबसे उभरते स्कूल के लिए सम्मानित किया गया। स्कूल की ओर से प्रबंधक शशांक राय को फिल्म अभिनेत्री रति अग्निहोत्री ने सम्मानित किया।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें