झांसी। महानगर के गाड़ी के शोरूमाें पर होली से पहले दीवाली जैसे ऑफरों की भरमार है। बीएस-4 मॉडल के दोपहिया वाहनों को खपाने के लिए कंपनियों ने ऑफरों की बरसात की है। कंपनियों के शोरूमों में बीएस-4 मॉडल की बाइक पर दस हजार तो कार पर करीब पचास हजार रुपये की छूट मिल रही है।
31 मार्च के बाद बीएस-4 मॉडल के दोपहिया, तीन पहिया व चार पहिया वाहनों की बिक्री नहीं होगी। 1 अप्रैल से बीएस- 6 मॉडल की ही गाड़ियां बिकेगीं। ऐसे में बीएस-4 वाहनों को बेचने के लिए शोरूम वाले जद्दोजहद में जुटे हैं। ग्राहकों को लुभाने के लिए दीवाली जैसे कई ऑफरों की भरमार होली के समय देखने को मिल रही है। अधिकांश कंपनियों के पास पुराना स्टॉक ज्यादा बचा है। शोरूम संचालक दोपहिया वाहनों पर सात से दस हजार रुपये तक छूट दे रहे हैं। ऐसे मेें वाहन खरीदारों ने खरीद शुरू कर दी है। इस कारण बीएस-4 मानक वाले वाहनों की मांग में तेजी आने के अलावा बीएस-6 मानक वाले वाहन की खरीद के लिए लोग शोरूम पर पहुंचने लगे हैं।
क्या है बीएस - 6
बीएस का मतलब है भारत स्टेज। इसका संबंध उत्सर्जन मानकों से है। बीएस-6 वाहनों में खास फिल्टर लगे हैं इनमें 80.90 फीसदी पीएम 2.5 जैसे कण रोके जा सकेंगे। नाइट्रोजन ऑक्साइड पर भी नियंत्रण लगेगा। विशेषज्ञों के अनुसार बीएस-6 वाहन में हवा में प्रदूषण के कण 0.05 से घटकर 0.01 रह जाएंगे। यानी बीएस-6 वाहन व बीएस-6 पेट्रोल-डीजल होने पर प्रदूषण 75 फीसदी कम हो जाएगा।
बीएस-4 वाहनों का प्रोडक्शन पहले ही बंद कर चुकी हैं। स्टॉक क्लीयर करने के लिए कारों पर करीब पचास हजार तक की छूट दी जा रही है। हैं। बीएस-6 वाहन प्रदूषण की दृष्टि से उपयोगी साबित होंगे।
सुबोध सूरी, एमडी - सूरी ऑटो
बीएस-4 मानक वाले वाहनों का स्टॉक ज्यादा नहीं बचा है। डीलर्स वाहनों पर छूट देकर पुराना स्टॉक क्लीयर करने में लगे है। बीएस-6 मानक के वाहन भी बाजार में आ चुके हैं।
योगेश मेहरोत्रा, एमडी - झांसी ऑटोमोबाइल्स
बीएस -4 गाड़ियों का रजिस्ट्रेशन 31 मार्च के बाद नहीं होगा। इसे लेकर सभी शोरूम मालिकों कोे सचेत कर दिया गया है। कई लोग ऐसे भी हैं, जिन्होंने बीएस -4 मॉडल की गाड़ियों का रजिस्ट्रेशन नहीं कराया है। ऐसे लोग 31 मार्च से पहले रजिस्ट्रेशन जरूर करा लें अन्यथा फिर रजिस्ट्रेशन नहीं होगा।
ओपी सिंह, आरटीओ