झांसी। झांसी विकास प्राधिकरण के दस्ते ने मंगलवार को अवैध प्लाटिंग करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो अवैध कालोनियों में ध्वस्तीकरण किया। यहां बनी चार बाउंड्रीवाल को जेडीए दस्ते ने ध्वस्त कर दिया। ध्वस्तीकरण कार्रवाई की अगुवाई खुद जेडीए उपाध्यक्ष सर्वेश दीक्षित कर रहे थे। उपाध्यक्ष के मुताबिक मास्टर प्लान में नगर पार्क के तौर पर चिन्हित इस भूमि पर अशोक कुशवाहा की ओर से तीन एकड़ जमीन में एवं पप्पू, इकबाल की ओर से चार एकड़ जमीन में बिना ले-आउट प्लान के अवैध कालोनी विकसित की जा रही थी। प्लाटिंग के साथ यहां बाउंड्रीवाल भी कराई गई। मंगलवार को उपाध्यक्ष की अगुवाई में पुलिस बल के साथ जेडीए दस्ता यहां पहुंच गया। चिन्हित कालोनियों के खिलाफ तुरंत जेसीबी ने कार्रवाई शुरू कर दी। कार्रवाई के दौरान नगर नियोजक जितेंद्र सिंह सहरवार, सहायक अभियंता देवचरन राम, शैलेंद्र पांडेय, अवर अभियंता विनीत शर्मा, निमीष गुप्ता, हंसराज सिंह, कोतवाल तुलसी राम पांडेय समेत अन्य उपस्थित रहे।