संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। बल्क ड्रग पार्क पर प्रथम चरण के कार्य प्रारंभ हो चुके हैं। पेड़ों के कटान के लिए वन विभाग से पत्राचार किया जा रहा है। 100 करोड़ रुपये की कार्ययोजना तैयार कर ली गई है। बिजलीघर, सड़क निर्माण व औद्योगिक इकाइयों की स्थापना के प्लाट काटे जा रहे हैं।
ड्रग पार्क के लिए शासन ने 450 करोड़ रुपये निर्गत किए हैं। प्रथम चरण में 350 एकड़ भूमि पर विकास कार्य किया जा रहा है। 29 औद्योगिक इकाइयां लगाने के लिए प्लाट काटे जा रहे हैं। पांच गांवों के 1472 एकड़ में फैले बल्क ड्रग फार्मा पार्क में दो फेज में विकास का खाका खींचा गया है। इससे जन औषधि के उत्पादन हब के तौर पर ललितपुर के विकास का रास्ता साफ होगा।
फेज-एक में 350 एकड़ भूमि का मास्टर प्लान और प्रोजेक्ट रिपोर्ट तैयार कराकर विकास कार्यों की शुरुआत कर दी है। विस्तृत कार्ययोजना को धरातल पर उतारने के लिए उत्तर प्रदेश राज्य औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यूपीसीडा) ने मास्टर प्लान और प्रोजेक्ट रिपोर्ट तैयार की थी। शासन ने इसको मंजूरी दे दी है।
लोक निर्माण कराएगा सड़क चौड़ीकरण : बल्क ड्रग पार्क के बीच से लोक निर्माण विभाग की सड़क गुजरती है। करीब 800 मीटर की इस सड़क का चौड़ीकरण होना है। इसके जिम्मेदारी लोक निर्माण विभाग को सौंपी गई है। शासन ने 12 करोड़ रुपये भी स्वीकृत कर दिए हैं।
33/11 केवीए का बिजलीघर बनेगा : बल्क ड्रग पार्क में 33/11 केवीए के बिजलीघर का निर्माण होना है। इसकी जिम्मेदारी दक्षिणांचल विद्युत वितरण खंड को सौंपी गई है। कार्यदायी संस्था ने कार्य प्रारंभ कर दिया है। एस्टीमेट तैयार शासन को भेजा जाएगा।
अभी स्थान की सफाई की जा रही है। वहां स्थापित पेड़ों का आकलन कराया जा रहा है। इसके बाद वहां प्लाट काटे जाएंगे, साथ ही सड़क व अन्य निर्माण किए जाएंगे।
जॉनी बिलटोरिया, प्रबंधक यूपीसीडा।