झांसी। बजट एक फरवरी को आ रहा है। सभी की उम्मीद है कि बजट राहत देने वाला होगा। माना जा रहा है कि यह बजट निवेशकों, व्यापारियों, कारोबारियों और नौकरी पेशा को विशेष राहत देगा। जानकार बता रहे हैं कि यह चुनावी बजट साबित हो सकता है। इसलिए सरकार सभी को राहत दे सकती है। उधर, गृहिणियां कह रही हैं कि सरकार को घर-गृहस्थी का बोझ भी कम करना चाहिए।
कल आ रहे बजट को लेकर सभी उत्साहित हैं। सीए, निवेशक, व्यापारी, कारोबारी और रियल एस्टेट से जुड़े लोगों का कहना है कि सरकार देश की अर्थव्यवस्था को आगे बढ़ाने के लिए बड़े उद्यम के साथ-साथ छोटे उद्यमियों को भी लाभ दे सकती है। टैक्स स्लैब में राहत से सभी को बड़ा फायदा होगा। पेट्रोल-डीजल की कीमतों में भी उतार-चढ़ाव हो सकता है। जानकारों की मानें तो सरकार बजट में सभी का ध्यान रखेगी, ऐसी उम्मीद बन रही है।
जीएसटी में कुछ बदलाव हो सकते हैं
इस बार जीएसटी में कुछ बदलाव हो सकते हैं। बजट व्यापारियों और कारोबारियों के लिए अच्छा साबित हो सकता है। सरकार टैक्स आदि में कई तरह की छूट दे सकती है। वैसे तो इस वक्त काफी महंगाई चल रही है। गैस सिलिंडर और घरेलू सामान बहुत महंगा है। लेकिन सिलिंडर, पेट्रोल-डीजल तो सरकार बाद में भी सस्ता कर सकती है। ऐसे में इस बजट में अहम मुद्दों पर चर्चा रहेगी। सरकार नौकरी पेशा लोगों को कुछ अच्छा दे सकती है। यह चुनावी बजट है इसलिए ऐसा माना जा रहा है कि व्यापार-कारोबार और खासतौर पर व्यापारियों के लिए कुछ मिल सकता है। आम आदमी भी इस बजट से निराश नहीं होगा।
-अजय मोदी, सीए
---
निवेशकों के लिए बजट राहत लेकर आएगा
इस बजट के लिए यह कहा जा सकता है कि सरकार का रुख सकारात्मक है इसलिए बजट अच्छा होगा। यह बजट देश की अर्थव्यवस्था और कारोबार-व्यापार को बढ़ाने वाला होगा। सरकार की योजनाओं और इन्वेस्टर्स समिट से भविष्य में रोजगार बढ़ेगा। बुंदेलखंड में अभी सरकार ने कई विशेष पैकेज दिए हैं। इससे बुंदेलखंड को बहुत फायदा होगा। निवेशकों के लिए बजट राहत लेकर आएगा, ऐसी आशा जताई जा रही है। इससे रियल एस्टेट इंडस्ट्री और दूसरे उद्योगों को पंख लग सकते हैं।
धीरज खुल्लर, जनरल सेक्रेटरी-बुंदेलखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स
---
सरकार टैक्स स्लैब में कुछ बदलाव कर सकती है
इस बजट में महंगाई से कुछ राहत मिल सकती है। सरकार टैक्स स्लैब में कुछ बदलाव कर सकती है। रियल एस्टेट और ऑटोमोबाइल्स इंडस्ट्री प्रगति की तरफ बढ़ सकती है। ये बजट चुनावी बजट साबित होगा। सरकार किसान, इंडस्ट्री, होटल व्यवसाय, छोटे व्यापारी और नौकरी पेशा किसी को नाराज नहीं करेगी। बजट में सभी के लिए कुछ न कुछ जरूर होगा। बंदेलखंड को अभी कई बड़े पैकेज मिले हैं। प्राइवेट सेक्टर में भी काफी गुंजाइश हैं, इसलिए इन्हें भी कुछ छूट मिल सकती है। इस बजट में लोगों के लिए रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। बजट में स्टांप ड्यूटी व सीमा शुल्क में बढोतरी हो सकती है।
-वीरेंद्र राय, बिल्डर, होटल एवं ऑटोमोबाइल्स व्यवसायी