कुलपति जे. वीं. वैशम्पायन
झांसी। बुंदेलखंड विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. जेवी वैशम्पायन ने कहा कि कैंपस में शोध का माहौल और बढ़ा है। कई नए प्रोजेक्ट बीयू को मिले हैं। अब यूजीसी स्ट्राइड प्रोजेक्ट के तहत एमएससी के छात्रों को शोध के लिए तैयार किया जाएगा। फरवरी के पहले हफ्ते से प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू होगा।
कुलपति ने बताया कि तीन साल के स्ट्राइड प्रोजेक्ट के अंतर्गत प्रथम भाग में दो माह तक एमएससी अंतिम वर्ष के छात्र-छात्राओं को शोध करने, उपकरणों का प्रयोग करने, सांख्यिकी, लेखन संबंधी जानकारी दी जाएगी। दूसरे भाग में रिसर्च मैथडोलॉजी पढ़ाई जाएगी। साथ ही, इनोवेशन सेंटर में मशीन चलाना सिखाया जाएगा। उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय में पिछले कुछ सालों में लगभग 20 प्रोजेक्ट मिले हैं। इसमें भी ज्यादातर को यूजीसी से अनुदान मिला हुआ है। यह अच्छी बात है।
पीएचडी कोर्स वर्क 18 से
कुलपति ने बताया कि इस बार बुंदेलखंड के 63.5 फीसदी छात्र-छात्राओं को पीएचडी में प्रवेश मिला है। कोर्स वर्क 18 फरवरी से शुरू होगा। दस फरवरी तक फीस जमा की जा सकती है।