झांसी। छात्रों को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए बुंदेलखंड विश्वविद्यालय ने कैंपस में रोजगार परक कोर्स चलाने की योजना बनाई है। इसके लिए बीयू ने प्रदेश के उच्च शिक्षा विभाग को पत्र लिखा है। शासन स्तर से हरी झंडी मिलते ही यह कोर्स शुरू कर दिए जाएंगे।
‘रूसा’ के बैचलर ऑफ वोकेशनल डिग्री प्रोग्राम के तहत यह कोर्स चलाए जाने हैं। कुलपति प्रो. अविनाश चंद्र पांडेय ने बताया कि यूनिवर्सिटी द्वारा शासन को भेजी गई रिपोर्ट में रिटेल मैनेजमेंट के अंतर्गत लेखन दक्षता, डेटा बेस मैनेजमेंट, कस्टमर रिलेशनशिप, टेक्सेशन, प्रोफेशनल एंड बिजनेस तथा लॉजिस्टटिक्स के अंतर्गत इंग्लिश, बिजनेस मैथमेटिक्स, आईटी बिजनेस, जनरल मैनेजमेंट, इनवेंटरी और सॉफ्टवेयर के अंतर्गत डेटा स्ट्रक्चर, कम्यूनिकेशन, सी-प्रोग्रामिंग, पीसी सॉफ्टवेयर, वेब डिजाइनिंग, डॉट नेट आदि सिखाया जाएगा। उत्तर प्रदेश सरकार के उच्च शिक्षा विभाग से कोर्स चलाने की अनुमति व अनुदान मांगा गया है।
क्रेडिट भी कर सकते अर्जित बुंदेलखंड विश्वविद्यालय में अगले सत्र से च्वॉइस बेस्ड क्रेडिट सिस्टम लागू होना है, इसलिए यह कोर्स पढ़कर छात्र क्रेडिट भी अर्जित कर सकते हैं। तीन साल की पढ़ाई करने पर छात्र को बी-वोक की डिग्री के साथ 36 क्रेडिट, दो साल के एडवांस डिप्लोमा पर 24 क्रेडिट, एक साल के डिप्लोमा करने पर 16 क्रेडिट मिलेंगे।