घटना के करीब डेढ़ साल बाद पिता की तहरीर पर न्यायालय के आदेश पर दर्ज हुई रिपोर्ट
19 जनवरी 2023 को हॉस्टल के कमरे में फंदे से लटकी मिली थी गोरखपुर निवासी छात्रा
अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। बुंदेलखंड विश्वविद्यालय में करीब डेढ़ साल पहले बीटेक तृतीय वर्ष की छात्रा के आत्महत्या के मामले में कुलपति मुकेश पांडेय समेत चार लोगों के खिलाफ न्यायालय के आदेश पर थाना नवाबाद में मुकदमा दर्ज किया गया है। गोरखपुर निवासी छात्रा हॉस्टल के कमरे में फंदे पर लटकी मिली थी।
गोरखपुर के शाहपुर धर्मपुर निवासी जयप्रकाश राय की बेटी श्रष्टि राय बीयू के समता हॉस्टल के कमरा नंबर 306 में रहती थी। 19 जनवरी 2023 को श्रष्टि अपने कमरे में फंदे पर लटकी मिली थी। बृहस्पतिवार की शाम को नवाबाद थाने में दर्ज हुई रिपोर्ट में आरोप लगाए गए हैं कि वार्डन डॉ. शिप्रा वशिष्ठ, मैटर्न सुमन, विभागाध्यक्ष जाकिर अली और कुलपति मुकेश पांडेय द्वारा मानसिक और व्यावहारिक उत्पीड़न से आहत होकर श्रष्टि ने आत्महत्या की थी। श्रष्टि के पिता का कहना है कि उस वक्त भी मुकदमा दर्ज कराने के लिए उन्होंने जनप्रतिनिधियों से लेकर उच्च अधिकारियों तक से गुहार लगाई, लेकिन कहीं सुनवाई नहीं हुई तो न्यायालय की शरण ली। न्यायालय के आदेश पर वार्डन, मैटर्न, विभागाध्यक्ष और कुलपति के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने के मामले में मुकदमा दर्ज किया गया है।
-
बयान
बुंदेलखंड विश्वविद्यालय की बीटेक की छात्रा के आत्महत्या के मामले में न्यायालय के आदेश पर मुकदमा दर्ज किया गया है। विवेचना की जा रही है।
- ज्ञानेंद्र सिह, एसपी सिटी
बयान
छात्रा मानसिक अवसाद से पीड़ित थी, उसका इलाज चल रहा था। उसके कमरे से डिप्रेशन की दवाइयां और सुसाइड नोट भी मिला था। सुसाइड नोट में कहीं भी उत्पीड़न का आरोप नहीं लगा है। सभी साक्ष्य पुलिस ने अपने कब्जे में लिए थे। अब जो आरोप लगाए जा रहे हैं वह पूरी तरह निराधार हैं।
- मुकेश पांडेय, कुलपति