बीयू छात्र सीखेंगे फूड प्रोडक्शन, शुरू कर सकेंगे खुद का उद्योग
- खाद्य प्रसंस्करण प्रयोगशाला बनेगी, लैब, हॉस्टल आदि के लिए शासन ने दिए 16.70 करोड़
अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। बुंदेलखंड विश्वविद्यालय में फूड टेक्नोलॉजी विभाग के छात्र फूड प्रोडक्शन सीखकर खुद का उद्योग शुरू कर सकेंगे। इसके लिए विभाग में खाद्य प्रसंस्करण प्रयोगशाला का निर्माण किया जाएगा। इसके लिए शासन ने मंजूरी दे दी है। वहीं, कैंपस में 200 बेड का गर्ल्स हॉस्टल और शिक्षक, कर्मचारियों के लिए नए आवास बनाने के लिए भी 16.70 करोड़ रुपये का बजट दे दिया है।
बुंदेलखंड विश्वविद्यालय की तरफ से महिला छात्रावास, शिक्षक व कर्मचारियों के लिए आवास, हॉस्टल की मेस के सुधार, खाद्य प्रसंस्करण प्रयोगशाला के निर्माण के लिए प्रस्ताव बनाकर भेजा गया था। बीयू के संपत्ति अधिकारी डॉ. डीके भट्ट ने बताया कि कुलपति प्रो. जेवी वैशम्पायन के निर्देशन में तैयार किए गए इस प्रस्ताव को मंजूरी मिल गई है। शासन ने इसके लिए कार्यदायी संस्था भी नामित कर दी है। वहीं, महिला छात्रावास के निर्माण के लिए दस करोड़, शिक्षक, कर्मचारियों के आवासों की मरम्मत और नए आवासों के निर्माण के लिए पांच करोड़, छात्रावासों की मेस के उच्चीकरण के लिए एक करोड़, खाद्य प्रसंस्करण प्रयोगशाला और कक्षाओं के निर्माण के लिए 70 लाख रुपये बजट आवंटित कर दिया है। उन्होंने बताया कि कैंपस में प्रवेश के लिए बाहरी विद्यार्थियों का रुझान काफी बढ़ा है। ऐसे में हॉस्टल में बेड की कमी हो गई थी। अब 200 बेड का गर्ल्स हॉस्टल बनने से छात्राओं को काफी सहूलियत हो जाएगी। वहीं, खाद्य प्रसंस्करण प्रयोगशाला में पाइलट प्लांट लगेगा। यहां पर छात्र मिल्क प्रोसेसिंग, बेकरी प्रोडक्शन, फल व सब्जी प्रसंस्करण सीख सकेंगे। आगे चलकर छात्र खुद का उद्योग भी शुरू कर सकते हैं।