झांसी। बुंदेलखंड विश्वविद्यालय में पूर्व के अधिकारियों के कार्यकालों में न सिर्फ चहेतों को प्रमोशन, इंक्रीमेंट की रेवड़ियां बांटी गईं, बल्कि नियम विपरीत उपकरणों की भी खरीद-फरोख्त की गई। इसका खुलासा ऑडिट रिपोर्ट में हुआ है।
बीयू में सितंबर 2011 में करीब 1.78 लाख रुपये के कंप्यूटर खरीदे गए थे। नियम के अनुसार एक लाख से अधिक की पर्चेजिंग के लिए टेंडर निकाला जाना आवश्यक है, लेकिन विश्वविद्यालय प्रशासन ने ऐसा नहीं किया। ऑडिट सर्वे में यह मामला पकड़ में आ गया। ऑडिट ने इसपर आपत्ति जताते हुए विश्वविद्यालय से निविदा निकाले जाने की पत्रावली मांगी। यह उपलब्ध नहीं हो पाने पर बिना टेंडर की गई खरीद पर ऑडिट ने आपत्ति जताई।
ऑडिट रिपोर्ट में कहा गया है कि इस खरीद मेें फर्म को किया गया भुगतान नियमत: ठीक नहीं है, इसलिए इस संबंध में कार्रवाई अपेक्षित की गई है। वहीं, इस मामले में अब शासन ने संज्ञान लेते हुए विश्वविद्यालय से आख्या मांगी है। आख्या में विश्वविद्यालय से आरोपियों पर कार्रवाई के संबंध में भी जानकारी चाही गई है।