अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। सुरक्षा व्यवस्था के कड़े इंतजाम के बावजूद बीयू कैंपस में हो रही चोरियों पर अंकुश नहीं लग पा रहा है। इसके चलते कुलपति ने सोमवार को कुलसचिव और संपत्ति अधिकारी के साथ सुरक्षा व्यवस्था पर चर्चा की। तय हुआ न सिर्फ खराब सीसीटीवी बदले जाएंगे बल्कि विभागों के आसपास नए भी लगेंगे। कंट्रोल रूम बनाया जाएगा।
18 जनवरी को इंजीनियरिंग विभाग में घुसे बदमाश कई एसी के आउटर और नलों की टोटियां चुराकर ले गए। कई शौचालयों के वॉश बेसिन भी तोड़ दिए। गत माह भूगर्भ विभाग में घुसे बदमाश कई पंखे और उपकरणों की मोटर चुराकर ले गए। भूगर्भ विभाग में हुई चोरी के मामले में बीयू प्रशासन ने तीन सदस्यीय जांच कमेटी गठित की। अफसरों ने दावा किया कि सुरक्षा कर्मियों को लगातार पेट्रोलिंग के आदेश दिए गए हैं। इसके बावजूद, फिर चोरी हो गई। कुलपति प्रो. मुकेश पांडेय ने सिक्योरिटी अधिकारी से कहा कि कैंपस में लगे कैमरों के लिए सुरक्षा गार्ड रूम में कंट्रोल रूम बनेगा, जिससे पूरे परिसर में निगरानी रखी जाएगी। इसके अलावा, टीमें भी लगातार पेट्रोलिंग करेंगी।