झांसी। बुंदेलखंड विश्वविद्यालय ने कोरोना के मद्देनजर बढ़ाई गई फीस में 50 फीसदी की कटौती कर दी है। यह कटौती इंजीनियरिंग और फार्मेसी के कोर्सों में की गई है। इसके अलावा स्ववित्त पोषित योजना अंतर्गत कार्यरत शिक्षकों का न्यूनतम 300 रुपये डीए देने की भी स्वीकृति कर दी गई है।
बुंदेलखंड विश्वविद्यालय में सोमवार को कुलपति प्रो. जेवी वैशम्पायन की अध्यक्षता में वित्त समिति की बैठक हुई। इसमें तमाम बिंदुओं पर चर्चा की गई। इसके बाद इंजीनियरिंग और फार्मेसी की बढ़ी हुई फीस में आधी कटौती कर दी गई। दरअसल, बीयू ने लंबे समय बाद फार्मेसी, इंजीनियरिंग समेत विभिन्न कोर्सों में फीस की वृद्धि कर दी थी। इसी के कुछ दिनों बाद लॉकडाउन हो गया। कई संगठनों की तरफ से भी बीयू की फीस कटौती की मांग की गई। वित्त समिति ने इस पर मुहर लगा दी। इसके अलावा विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) समेत विभिन्न प्रोजेक्ट चल रहे हैं। प्रोजेक्ट प्राप्त करने वाले विभाग को अब दस हजार रुपये इंप्रेस मनी की तौर पर देने की भी संस्तुति कर दी गई है।
20 हजार तक की खरीद ऑनलाइन
कुलपति ने बताया कि अब 20 हजार रुपये तक की खरीद ऑनलाइन करने की भी अनुमति दे दी गई है। ऑनलाइन में छूट मिलने के कारण कई बार सामान सस्ता पड़ जाता है। ऐसे में विश्वविद्यालय का पैसा बचेगा, जिससे अन्य कार्यों में उपयोग में लाया जा सकेगा। 20 हजार रुपये के ऊपर की खरीद करने पर कोटेशन ली जाएंगी।