- परीक्षा नियंत्रक का दावा- अब नहीं बढ़ेगी तिथि
अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। बुंदेलखंड विवि परिसर एवं इससे संबद्ध कॉलेजों के यूजी-पीजी द्वितीय सेमेस्टर के परीक्षा फार्म भरने की अंतिम तिथि 30 अप्रैल तक बढ़ा दी गई है। परीक्षा नियंत्रक का दावा है कि अब फार्म भरने की तिथि नहीं बढ़ेगी। मई के द्वितीय सप्ताह से परीक्षा होगी।
बीए, बीएससी, बीकॉम, बीएससी (गृहविज्ञान), एमए, एमकॉम, एमएससी, बीटेक, बीए ऑनर्स, बीएससी ऑनर्स, बीबीए, बीफार्मा, बीपीएड, एलएलबी, बीएससी कृषि, एमएससी, एलएलएम द्वितीय सेमेस्टर व वार्षिक कोर्स बीपीईएस, बीएससी एमएलटी, डी-फार्मा में पंजीकृत 90 हजार छात्र-छात्राएं हैं। मंगलवार शाम तक करीब 77 हजार छात्र-छात्राएं फार्म भर चुके हैं। बचे छात्र-छात्राओं के अनुरोध पर परीक्षा नियंत्रक ने कुलपति के सामने अंतिम तिथि बढ़ाने का प्रस्ताव रखा, जो अनुमोदित हो गया। परीक्षा नियंत्रक राजबहादुर ने बताया कि अब 30 अप्रैल तक फार्म भरे जाएंगे। तीन-चार मई तक परीक्षा कार्यक्रम जारी कर दिया जाएगा। परीक्षाएं 10 से 15 मई के बीच में शुरू होंगी।