बुंदेलखंड विश्वविद्यालय के परीक्षा भवन में सोमवार से कैंपस कोर्सों की परीक्षाएं सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में होंगी। पाठ्यक्रम के हिसाब से तीन केंद्राध्यक्ष नियुक्त किए गए हैं।
विश्वविद्यालय में अब तक सभी परीक्षाएं विभागों में होती थीं। विभागाध्यक्ष/समन्वयक परीक्षा स्कीम बनाने के बाद परीक्षा नियंत्रक से हस्ताक्षर कराकर अतिगोपनीय विभाग को सूचित कर देते थे। वहां से उन्हें कॉपियां मिल जाती थीं। परीक्षा में सहायक केंद्राध्यक्ष बनाने से लेकर ड्यूटी लगाने में मनमानी चलती थी। कई वरिष्ठ शिक्षक खुद की ज्येष्ठता के अहम में सही से ड्यूटी भी नहीं करते थे। अब सारी व्यवस्था कुलसचिव कार्यालय की देखरेख में हो रही है। सहायक केंद्राध्यक्ष से लेकर कक्ष निरीक्षक तक की ड्यूटी रोटेशन के हिसाब से लगाई गई है। जिस कोर्स की परीक्षा है, उसके शिक्षक ड्यूटी में नहीं लगाए जाएंगे।
सोमवार को आईटीएचएम, एमएससी फूड टेक्नोलॉजी, बीबीए, एमबीए, बीलिब, एमलिब, एमएसडब्ल्यू, एमएससी बायोटेक्नोलॉजी, एमएससी फूड एंड न्यूट्रीशियन, एमएससी माइक्रोबायोलॉजी आदि कोर्सों की परीक्षाएं होंगी। सभी परीक्षाएं परीक्षा भवन में सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में होंगी। कुलसचिव सीपी तिवारी ने कहा कि कॉलेज हो या बीयू कैंपस, सभी परीक्षाएं पूरी पारदर्शिता से होंगी।