अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। बुंदेलखंड विश्वविद्यालय ने संयुक्त बीएड प्रवेश परीक्षा कराने की तैयारी शुरू कर दी है। मंगलवार से ऑनलाइन फार्म भरने की प्रक्रिया का ड्राई रन (ट्रायल) होगा, जो 13 फरवरी तक चलेगा। इस दौरान पोर्टल पर मिलने वाली खामियों को इंजीनियर दूर करेंगे ताकि फार्म भरते समय किसी भी अभ्यर्थियों को परेशानी नहीं हो। साथ ही जल्द कोर कमेटी की बैठक होगी, इसमें पेपर कमेटी का गठन किया जाएगा। बीएड संयुक्त प्रवेश परीक्षा के आवेदन 15 फरवरी से 15 मार्च की रात 12 बजे तक भरे जाएंगे।
प्रवेश परीक्षा का नहीं बदलेगा पैटर्न
बीयू प्रशासन ने बताया कि बीएड की संयुक्त प्रवेश परीक्षा का पैटर्न विगत प्रवेश परीक्षा जैसा ही होगा। इसमें किसी भी तरह का बदलाव नहीं किया जा रहा है।
बायोमीट्रिक हाजिरी व फेस स्कैनिंग होगी
इस बार भी संयुक्त प्रवेश परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों की बायोमीट्रिक उपस्थिति दर्ज करके बीयू फेस स्कैनिंग भी कराएगा। बिना प्रवेशपत्र परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्र परिसरों में प्रवेश नहीं होगा। परीक्षा के समय प्रवेशपत्र दो प्रतियां में लेकर आना होगा। एक प्रति फोटो (जो फार्म में लगाई गई है) लगाकर जमा करनी होगी। एक प्रति अपने पास रखनी होगी, जिसकी काउंसलिंग के समय जरूरत पड़ेगी। दोनों ही पाली में परीक्षार्थियों की बायोमीट्रिक हाजिरी व फेस स्कैनिंग होगी।
बीयू की वेबसाइट पर संयुक्त प्रवेश परीक्षा के ऑनलाइन आवेदन का ड्राई रन मंगलवार से शुरू होगा। इसमें आने वाली तकनीकी खामियों को इंजीनियरों की टीम तत्काल निस्तारित करेगी। पेपर कमेटी गठित करने के लिए कोर कमेटी की बैठक जल्द होगी। - विनय कुमार सिंह, कुलसचिव बीयू