झांसी। बुंदेलखंड विश्वविद्यालय का दीक्षांत समारोह एक से 15 फरवरी के बीच होगा। बीयू प्रशासन की तरफ से तारीख तय करने के लिए राजभवन को पत्र भेजा गया है। समारोह में पदक लेने के लिए मेधावी बुलाए जा सकते हैं। कोविड के चलते अतिथि जरूर ऑनलाइन जुड़ सकते हैं।
बुंदेलखंड यूनिवर्सिटी का पिछला दीक्षांत समारोह सितंबर में हुआ था। इस साल मार्च में परीक्षाएं शुरू होने के 20 दिन बाद ही लॉकडाउन लग गया। ऐसे में परीक्षाएं बीच में ही स्थगित करनी पड़ गईं। सितंबर में परीक्षाएं संपन्न कराई गईं। अब सभी विषयों का परीक्षा परिणाम घोषित किया जा चुका है। कुछ समय पहले राजभवन की तरफ से दीक्षांत समारोह के आयोजन को लेकर पूछताछ की गई थी। राजभवन ने पूछा था कि अगर विश्वविद्यालय दीक्षांत समारोह कराना चाहता है तो रूपरेखा तैयार कर सूचित करें। अब बीयू प्रशासन की तरफ से एक से 15 फरवरी के बीच कभी भी दीक्षांत समारोह के आयोजन कराने की बात कही गई है। अब जिस भी तारीख पर राजभवन से मुहर लगेगी, उसी दिन समारोह का आयोजन होगा। इस बार कोरोना वायरस के चलते पहले की तरह समारोह आयोजित नहीं होगा। मेधावियों को जरूर पदक लेने के लिए बुलाया जाएगा। वहीं अतिथि अपनी इच्छानुसार ऑनलाइन या ऑफलाइन समारोह में शिरकत करेंगे। समारोह में भीड़भाड़ नहीं रहेगी। चुनिंदा लोगों को ही कन्वोकेशन ग्राउंड पर एंट्री मिलेगी।
इस बार एक से 15 फरवरी के बीच बीयू के दीक्षांत समारोह का आयोजन होगा। कोरोना वायरस के चलते तमाम प्रकार की सावधानियां और विशेष सतर्कता बरती जाएगी। - प्रो. जेवी वैशम्पायन, कुलपति, बुंदेलखंड विश्वविद्यालय।