अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। बुंदेलखंड विश्वविद्यालय परिसर एवं संबद्ध कॉलेजों में चल रहे यूजी-पीजी के 46 पाठ्यक्रमों में प्रवेश के ऑनलाइन आवेदन की तिथि 15 जुलाई तक बढ़ा दी गई है। इनकी प्रवेश परीक्षा 27 जुलाई को होगी। बताते हैं कि प्रवेश के लिए पंजीकरण कम होने की वजह से यह फैसला लिया गया है।
बताते चलें कि बीयू ने 24 अप्रैल से यूजी-पीजी के सभी पाठ्यक्रमों में दाखिले के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया शुरू की है। बुधवार तक कैंपस की करीब 5500 सीट के लिए सिर्फ चार हजार ही आवेदन आए। जिसकी अंतिम तिथि पांच जून एवं विलंब शुल्क के साथ 10 जून थी। कुलपति के आदेश पर कुलसचिव विनय कुमार सिंह ने अंतिम तिथि विस्तारित कर दी है जिसके तहत बिना विलंब शुल्क आवेदन की अंतिम तिथि 10 जुलाई और विलंब शुल्क के साथ 15 जुलाई कर दी गई है।
0- प्री-पीएचडी के आवेदन की तिथि बढ़ी
प्री-पीएचडी पाठ्यक्रम में ऑनलाइन आवेदन की तिथि 15 जून तक विस्तारित कर दी गई है। कुलसचिव ने विनय कुमार सिंह ने बताया पीएचडी प्रवेश परीक्षा की संभावित तिथि 29 जून है।