अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। बुदेलखंड विश्वविद्यालय (बीयू) कैंपस एवं संबद्ध कॉलेजों में यूजी और पीजी सम सेमेस्टर परीक्षाएं शनिवार से तीन पालियों में शुरू हो गईं। शनिवार को 1108 छात्र-छात्राओं की परीक्षा हुई। इनमें से 58 अनुपस्थित रहे।
परीक्षा नियंत्रक राजबहादुर ने बताया कि एनईपी-2022 की सम सेमेस्टर और वार्षिक पद्धति की परीक्षाएं शुरू हो गई हैं। उन्होंने बताया कि परीक्षाएं सुबह 7.30 से 9.30 बजे, पूर्वाह्न 11.30 से 1.30 बजे और दोपहर तीन से शाम पांच बजे तक हुईं। नकलविहीन परीक्षा कराने के लिए प्रत्येक परीक्षा केंद्रों पर सीसी कैमरों से निगरानी की गई। परीक्षा केंद्रों पर स्टेटिक मजिस्ट्रेट और पुलिस फोर्स तैनात रहा। परीक्षा शुरू होने से एक घंटे पहले नोडल अधिकारियों को पेपर और ओएमआर सीट दी गईं। उन्होंने बताया कि फ्लाइंग स्क्वायड टीमों ने परीक्षा केंद्रों पर सघन चेकिंग की मगर एक भी नकलची नहीं पकड़ा गया। उन्होंने बताया कि 58 छात्र-छात्राएं परीक्षा में शामिल नहीं हुए।
अब सोमवार से फार्म भरवाने का दावा
झांसी। बीयू में दाखिले के आवेदन के लिए शनिवार को भी पोर्टल शुरू नहीं हो सका। अब 19 अप्रैल से पोर्टल के शुरू होने का दावा किया जा रहा है। बताते चलें कि बीयू ने 16 अप्रैल से यूजी और पीजी में दाखिला के आवेदन समर्थ पोर्टल पर भरवाने का दावा किया था, जो अभी तक शुरू नहीं हो सके हैं। अब दावा किया जा रहा है कि सोमवार से आवेदन की प्रक्रिया शुरू करा दी जाएगी। ब्यूरो
बीएड संयुक्त प्रवेश परीक्षा के 2.90 लाख ने भरे फार्म
झांसी। बीएड संयुक्त प्रवेश परीक्षा के लिए शनिवार तक 3.56 लाख छात्र-छात्राओं ने पंजीकरण करवा लिए हैं। करीब 2.90 लाख ने फीस जमा करके फार्म जमा कर दिए हैं। फार्म जमा करने की अंतिम तिथि 30 अप्रैल है। इसके बाद, पांच मई तक विलंब शुल्क के साथ फार्म भरे जा सकेंगे। ब्यूरो