झांसी। नगर निकाय चुनाव कराए जाने को लेकर भले ही अभी असमंजस की स्थिति हो लेकिन, बसपा पदाधिकारी तैयारियों में ढील देने को राजी नहीं हैं। बसपा प्रदेशाध्यक्ष चुनावी तैयारियों का जायजा लेने बुधवार को झांसी आएंगे। इस दौरान पदाधिकारियों के अलावा वह कार्यकर्ताओं के साथ अलग से बैठक करके निकाय चुनावों संबंधी रणनीति तय करेेंगे।
पिछले माह ही बसपा सुप्रीमो मायावती ने पिछड़े वर्ग के नेता माने जाने वाले विश्वनाथ पाल की प्रदेशाध्यक्ष पद पर ताजपोशी की थी। इसके बाद उनको पूरे प्रदेश में दौरा करके चुनावी माहौल तैयार करने की जिम्मेदारी दी गई। जिलाध्यक्ष जयपाल सिंह अहिरवार के मुताबिक निकाय चुनावों को देखते हुए 4 दिसंबर को प्रकाश रीजेंसी में कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया गया है। विशिष्ट अतिथि के तौर पर इसमें मंडल प्रभारी कैलाश पाल एवं दयाराम अहिरवार शिरकत करेंगे।