झांसी। जिले में एक अप्रैल से पेट्रोल पंपों पर बीएस-6 ईंधन की आपूर्ति शुरू हो गई है। इससे प्रदूषण पर लगाम लगेगी। जिले के पेट्रोल पंपों पर बीएस-4 ईंधन का वितरण बंद कर दिया गया है। वहीं पेट्रोल कंपनियों ने इसे लेकर पेट्रोल पंप संचालकों को निर्देश दिए हैं।
सरकार ने प्रदूषण को रोकने के लिए बीएस-6 ईंधन का इस्तेमाल करने पर जोर दिया है। अब तक जिले में रोज एक लाख लीटर पेट्रोल की खपत होती थी। बीएस-4 मानक का पेट्रोल पर्यावरण प्रदूषण को नुकसान पहुंचाता है। इसे लेकर पेट्रोल कंपनियों ने बीएस-6 मानक का पेट्रोल वितरित करना शुरू कर दिया है। आईओसी के रिटेल सेल्स मैनेजर केशव खन्ना अहलूवालिया बताते हैं कि पर्यावरण प्रदूषण को कम करने के लिए इस मानक के पेट्रोल का प्रयोग किया जा रहा है। इससे 70 फीसद तक प्रदूषण कम होगा। इससे भारी वाहनों से धुआं कम निकलेगा। एक अप्रैल से हर पेट्रोल पंप पर बीएस-6 ईंधन की आपूर्ति शुरू कर दी गई है।