संवाद न्यूज एजेंसी
मोंठ। मंगलवार को मोंठ थाना इलाके के खिरिया घाट में बेतवा नदी में नहाते समय जीजा-साले पानी के तेज बहाव में बह गए। इससे मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना पर पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंच गईं। दिन भर दोनों की नदी में तलाश की जाती रही, लेकिन उनका कोई सुराग हाथ नहीं लगा।
जनपद कानपुर देहात थाना अकबरपुर के ग्राम नवीपुर निवासी आरिफ अपनी ससुराल मोंठ आया हुआ था। मंगलवार की दोपहर आरिफ अपनी पत्नी आफरीन, चचेरे साले मोंठ के मदारगंज निवासी अरबाज खान उर्फ गोलू व परिवार की शाहिन, खुशी और जोया के साथ बेतवा नदी में नहाने पहुंचा था। आरिफ नहाने के लिए नदी में उतरा। इसी दरम्यान नदी के तेज बहाव में फंसकर डूबने लगा।
यह देख उसका साला अरबाज खान उसे बचाने के लिए नदी में कूद गया। लेकिन, दोनों नदी की तेज धार में बह गए। आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिल पाई। यह देख वहां मौजूद परिवार के अन्य लोगों में चीख-पुकार मच गई।
सूचना पर एसडीएम अवनीश कुमार, सीओ अजय श्रोत्रिय, नायब तहसीलदार दीपक कुमार, प्रभारी निरीक्षक अखिलेश द्विवेदी अपनी टीमों के साथ मौके पर पहुंच गए। एसडीआरएफ की टीम को भी मौके पर बुला लिया गया।
स्थानीय गोताखोरों की मदद से शाम तक उनकी नदी में तलाश की जाती रही, लेकिन पता नहीं चल सका। अचानक हुए इस हादसे से पूरा परिवार गहरे सदमे में है। परिजन का रो-रोकर बुरा हाल बना हुआ है।
बता दें कि आरिफ मोंठ अपनी पत्नी के इलाज के लिए आया था। इसी बीच मंगलवार को अचानक उनका बेतवा नदी में नहाने का प्लान बन गया था।