झांसी। जिले में जैसे-जैसे गर्मी बढ़ती जा रही है, वैसे-वैसे दोपहर में घरों से बाहर निकलने वाले लोगों की संख्या घटती जा रही है। हालांकि, शाम को एक साथ लोग जरूरी कामों के लिए घरों से बाहर निकलने लगते हैं। कई जगहों पर सोशल डिस्टेंसिंग का उल्लंघन भी होता है। ऐसे में लोगों को यह बेहद ध्यान देने की जरूरत है कि किसी स्थान, दुकान पर भीड़ न लग पाए।
जिले में अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस तक का आंकड़ा छू चुका है। हालांकि, शुक्रवार को यह 40 डिग्री सेल्सियस रहा। इसके बावजूद गर्मी में लोगों के पसीने छूटते रहे। अप्रैल के शुरुआती हफ्ते में लॉकडाउन होने के दौरान लोग दोपहर में भी घरों से बाहर निकल रहे थे। कोई जरूरी काम से निकल रहा था तो कोई गली-मुहल्लों में आपस में बात करने लगता था। अप्रैल के दूसरे सप्ताह से गर्मी का ग्राफ बढ़ने से अब दोपहर में घरों से बाहर निकलने वालों की संख्या कम हो गई है। खाद्यान्न या फिर घरेलू सामान लेने के लिए भी लोग दोपहर में कम निकलने की कोशिश करते हैं। ऐसे में शाम को एकदम से लोग घरों से बाहर निकलते हैं। इस कारण कई स्थानों, दुकानों पर सोशल डिस्टेंसिंग का पालन नहीं हो पा रहा है, जो कि कोरोना वायरस के इस संक्रमणकाल के लिए ठीक खतरनाक है। लोगों को बेहद ध्यान देने की जरूरत है कि कतई भीड़ न लगाएं और सोशल डिस्टेंसिंग बनाए रखें।
किसान को इन बातों का ध्यान देना जरूरी
- खेत में फसल काटते व खाना खाते समय एक व्यक्ति से कम से कम एक से पांच मीटर की दूरी बनाए रखें।
- फसल की कटाई के दौरान अलग-अलग पानी की बोतल रखें और मुंह पर मास्क या गमछा का प्रयोग करें।
- कृषि कार्य करते समय आंख, कान, नाक व मुंह को हाथ से न छुएं, ताकि संक्रमण से बचा जा सके।
- यदि खांसी, जुकाम, बुखार, सिरदर्द, बदन दर्द के लक्षण दिखें तो स्वास्थ्य केंद्र पर कर्मचारी को सूचित करें।
- पशुओं को गर्मी व लू से बचाने के लिए उपाए करें।
- यदि पशु बीमारी प्रतीत हो तो उसे तत्काल निकटतम पशु चिकित्सक से परामर्श लें।