झंासी। कोतवाली इलाके में भीड़भाड़ भरे राई का ताजिया इलाके में चोरों ने घर का ताला तोड़कर नकदी समेत जेवरात उड़ा दिए। घर का ताला टूटा देख भवनस्वामी के होश उड़ गए। उन्होंने घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी। थोड़ी देर में पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। उसने आसपास पूछताछ की लेकिन, उसके हाथ कोई भी सुराग नहीं आया।
राई का ताजिया मोहल्ला निवासी रमेश चंद्र सोनी बकरामंडी स्थित कपड़े की दुकान में सेल्समैन हैं। पारिवारिक समारोह में शामिल होने के लिए पत्नी एवं बेटी के साथ मंगलवार को बेलाताल गए थे। रमेश के मुताबिक बुधवार शाम जब घर पहुंचे तब सामने के गेट में लगा ताला टूटा मिला। अंदर पहुंचकर देखा तो भीतर रखी अलमारी का दरवाजा खुला हुआ था। उसका सारा सामान नीचे-बिखरा हुआ था। कमरे के भीतर रखे संदूक का भी सारा सामन नीचे बिखरा पड़ा था। यह देखकर रमेश के होश उड़ गए।
अलमारी के भीतर रखा साठ हजार कैश, एक सोने का हार, झुमका समेत करीब डेढ़ किलो चांदी चोर समेट ले गए। भुक्तभोगी ने घटना की सूचना तत्काल कोतवाली पुलिस को दी। थोड़ी देर बाद पुलिस भी मौके पर पहुंची। उसने आसपास पूछताछ की लेकिन, कहीं से कोई भी सुराग नहीं मिला। भुक्तभोगी ने कोतवाली पुलिस को तहरीर दे दी लेकिन, देर रात तक पुलिस ने मामला दर्ज नहीं किया।