झांसी। बिजली चोरी रोकने के लिए विभाग ने एक और पहल पर काम शुरू कर दिया है। विद्युत खंभे पर लगाए गए कनेक्शन बॉक्स में बंद किए जाने लगे हैं। इन बॉक्सों को अभी तालों की जगह टेप से सील किया जा रहा है।
विद्युत विभाग नगर के पचास प्रतिशत से अधिक क्षेत्र में खुले एल टी तारों की जगह बंच कंडक्टर केबल को बिछाने का काम पूरा कर चुका है। जहां बंच कंडक्टर केबल बिछाई गई हैं, उन क्षेत्रों के खंभों पर एक बॉक्स लगाया गया है। इस बॉक्स के अंदर से ही उपभोक्ताओं को संयोजन दिए गए हैं।
मगर, इसके बाद भी ऐसे क्षेत्रों में चोरियों के कई ऐसे मामले सामने आए हैं, जिनमें उपभोक्ताओं ने खंभे से एक और समानांतर संयोजन डाल रखा था। पिछले दिनों विभाग ने इस तरह की चोरियों को रोकने के लिए योजना तैयार की कि एक खंभे से जितने भी संयोजन हों, उनको एक बॉक्स के अंदर लगाया जाए।
बॉक्स में स्थायी लॉक हो, जो किसी चाबी से न खुले। जब भी कोई दिक्कत आए तो लॉक को तोड़ना ही पड़े, ताकि विभागीय मिलीभगत से भी चोरी की संभावना न रहे। चूंकि, विभाग अभी तालों का इंतजाम नहीं कर सका है, इस कारण बॉक्स को बंद करके उसको टेप से सील किया जा रहा है। इस काम को शुरू कर दिया गया है।
इस संबंध में अधीक्षण अभियंता (नगर) राकेश कुमार गुप्ता ने बताया कि जब तक तालों का इंतजाम नहीं हो जाता है, तब तक टेप से सील करके ही काम चलाया जाएगा। अगर बाक्स से टेप हटा तो इसमें संविदा कर्मचारियों व जेई की जिम्मेदारी होगी।
काफी हद तक लगी है चोरी पर लगाम
विद्युत चोरी पर लगाम कसने के लिए विभाग एक के बाद एक कदम उठा रहा है। एक समय महानगर में 35 प्रतिशत चोरी होती थी, जबकि यूपी कारपोरेशन ने सख्त हिदायत दे रखी है कि लाइन लॉस जोड़ने के बाद भी पंद्रह प्रतिशत से अधिक बिजली की हानि नहीं होनी चाहिए।
इसके लिए पहले विभाग ने नंगे तारों की जगह एबीसी बंच कंडक्टर तार डालना शुरू किया, ताकि तार के बीच में कटिया डालकर चोरी न हो सके। बंच कंडक्टर से विभाग को राहत मिली। इसके बाद विभाग ने घर के बाहर मीटर लगाने का अभियान शुरू किया। जिन-जिन क्षेत्रों में अभी तक बंच कंडक्टर तार डालने व घर के बाहर मीटर लगाने का काम हो चुका हौ, उन क्षेत्रों में काफी हद तक चोरी पर लगाम लगी है।