अपर मंडल रेल प्रबंधक विनीत सिंह ने सोमवार को प्लेटफार्म पर बनाए जा रहे दिव्यांग वाटर बूथों की उपयोगिता में गड़बड़ी मिलने पर मुख्य कार्य निरीक्षकों को फटकार लगाई। उन्होंने वाटर बूथों की खामियों को दूर करने के निर्देश दिए।
रेलवे दिव्यांग यात्रियों की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा रहा है। दिव्यांगों के लिए अलग-अलग प्लेटफार्मों पर 15 वाटर बूथ (पानी पीने के नल) बनाए जा रहे हैं। इनमें से प्लेटफार्म नंबर एक पर बूथों का निर्माण हो चुका है। सोमवार को अपर मंडल रेल प्रबंधक विनीत सिंह ने रेलवे स्टेशन के निरीक्षण के दौरान नवनिर्मित वाटर बूथों को देखा।
उन्होंने व्हील चेयर मंगाकर मुख्य कार्य निरीक्षकों को बैठाकर पानी पीने को कहा। पानी पीते समय दोनों मुख्य कार्य निरीक्षक गीले हो गए। पता चला कि वाटर बूथों के निर्माण में इस बात का ध्यान नहीं दिया गया कि दिव्यांग ठीक से पानी पी सकेंगे अथवा नहीं। इस पर उन्होंने मुख्य कार्य निरीक्षकों पर नाराजी व्यक्त की और गड़बड़ी दूर करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान सभी प्लेटफार्मों पर जगह- जगह कोटा स्टोन (मारबल) टूटे पाए गए, इस पर भी उन्होंने मुख्य कार्य निरीक्षकों को फटकार लगाई।