पानी की समस्या से जूझ रहे महानगर के तमाम क्षेत्रों के लोगों ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन किया। इस दौरान महिलाओं ने मटके फोड़कर विरोध जताया।
मंगलवार को बाहर बड़ागांव गेट स्थित मास्टर कालोनी, बाहर का पुरा, गोपाल की बगिया, वर्मा कालोनी, बिलैया का बाग, मद्रासी कालोनी, खारा कुआं, टोरियपुरा, बाबा का अटा, पसारी का बाग, शमशान घाट के पीछे, सत्यम कालोनी, सूजे खां खिड़की, प्रीतमपुरा कालोनी, अन्नपूर्णा कालोनी के लोगों ने पूर्व विधायक बृजेंद्र कुमार व्यास और क्षेत्रीय पार्षद किरण कुशवाहा के नेतृत्व में जिलाधिकारी को संबोधित ज्ञापन नगर मजिस्ट्रेट को सौंपा। ज्ञापन में क्षेत्र में पानी की टंकी बनवाने, खारे कुआं पर ट्यूबवेल लगवाने और पानी के टैंकर भिजवाने की मांग की। इस दौरान महिलाओं ने खाली मटके फोड़कर विरोध जताया। इस मौके पर गुड्डों कुशवाहा, माधुरी, मिथला, शांति कुशवाहा, मुन्नी, कमला, कुसमा, सुमन, सुनीता, बबीता, राजकुमारी, रुपा, क्रांति, रानी, दीपू कुशवाहा शामिल थे।
इसी तरह नारायण धर्मशाला, न्यू टौरिया, झोकन बाग, पुराने स्टेट बैंक के पीछे, जीवनशाह कब्रिस्तान, जेल चौराहा, गुसाई मुहल्ला क्षेत्र के लोगों ने उत्तर प्रदेश व्यापार मंडल के प्रांतीय अध्यक्ष संजय पटवारी और सुनील नैनवानी के नेतृत्व में ज्ञापन सौंपा। इस मौके पर संतोष साहू, चौधरी फिरोज, प्रदीप गुप्ता, प्रदीप अग्निहोत्री मौजूद थे। वहीं, बुंदेलखंड जल निर्माण समिति के अध्यक्ष प्रदीप सिंह चौहान, विनय कुमार उपाध्यय, क्रांति कुमार शर्मा, आशीष पटेल ने क्षेत्र में पानी की समस्या दूर करने की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा। उधर, तालपुरा, कपूर टेकरी और आसपास क्षेत्र की पानी की समस्या को दूर करने के लिए स्थानीय लोगों ने मोहम्मद मुकीम कुरैशी के नेतृत्व में ज्ञापन सौंपा। मां अन्नपूर्णा वेलफेयर सोसायटी के सदस्यों ने सचिव दीपक कुमार साहू के नेतृत्व में बाहर बड़ागांव गेट क्षेत्र में व्याप्त पानी की समस्या दूर करने की मांग की।
एक हफ्ते से नहीं आ रहा पानी
मंगलवार को नई बस्ती के आड़े पंपा के आसपास एक हफ्ते से पानी न आने से नाराज लोगों ने जल संस्थान कार्यालय में प्रदर्शन किया। हालांकि, कार्यालय में किसी अधिकारी और अवर अभियंता न मिलने पर लोगों को मायूस होकर लौटना पड़ा। प्रदर्शन करने वालों में श्रीपत शाह, राजेंद्र चौबे, लालाराम कुशवाहा, जयंती, राजकुमारी, धनकु, गोविंद परिहार, मालती, ललिता, सुमन, लक्ष्मी, श्याम साहू शामिल थे।