- उल्दन थाना इलाके के ग्राम सनौरा का है मामला
संवाद न्यूज एजेंसी
बंगरा। तीन दिन से लापता ग्राम सनौरा निवासी राहुल पाल (32) का शव सोमवार को थाना उल्दन इलाके के सनौरा-पचवारा मार्ग के किनारे झाड़ियों के बीच गड्ढे में पड़ा मिला। मृतक के परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। फोरेंसिक टीम ने भी मौके से साक्ष्य इकट्ठा किए हैं।
ग्राम सनौरा निवासी प्यारेलाल का बेटा राहुल पाल पेशे से प्लंबर था। सात अगस्त की रात से वह लापता थे। परिजन उसकी तलाश में जुटे हुए थे। लेकिन, उसका कोई सुराग नहीं मिल रहा था। मृतक के पिता ने आठ अगस्त को थाना उल्दन में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। सोमवार की सुबह कुछ ग्रामीण गांव के बाहर टहल रहे थे। इसी दरम्यान सनौरा-पचवारा मार्ग के किनारे झाड़ियों के बीच गड्ढे में उन्होंने राहुल का शव देखा। सूचना पर मौके पर परिजन और पुलिस पहुंच गई। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया। पास में ही पानी से भरे दूसरे गड्ढे में राहुल की बाइक पड़ी मिली। सूचना पर पहुंची फोरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य इकट्ठा किए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार शव पूरी तरह से खराब स्थिति में मिला है। शव का पिछला हिस्सा गायब था। आशंका है कि शव को जंगली जानवरों ने नोंचा है। वहीं, मृतक के परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है।
बता दें कि मृतक के दो बेटे और एक बेटी है। उसकी मौत के बाद से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल बना हुआ है।
इस संबंध में उल्दन थाना प्रभारी अजय कुमार सिंह ने बताया कि शव तीन दिन पुराना प्रतीत हो रहा है। शव को पिछला हिस्सा गायब मिला है। मृतक नशे का आदी था। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।