झांसी। यूपी बोर्ड परीक्षाओं पर फिर से पंचायत चुनाव का संकट मंडरा रहा है। पंचायत चुनाव और बोर्ड परीक्षाएं एक समय पर होने से प्रशासन की दिक्कत बढे़गी। बताया जा रहा है कि चुनाव के चलते परीक्षाओं की तिथि आगे बढ़ने की संभावना है।
यूपी बोर्ड परीक्षाओं का आयोजन 24 अप्रैल से 12 मई तक किया जाना है। उधर, हाईकोर्ट ने 25 मई तक पंचायत चुनाव कराने के निर्देश दिए हैं। बताया जाता है कि पंचायत चुनाव को लेकर बोर्ड ने पहले ही परीक्षाओं का कार्यक्रम जारी करने में काफी चिंतन किया था। माना जा रहा था कि मार्च के बाद अधिसूचना जारी हो जाएगी और अप्रैल तक चुनाव हो जाएंगे। लेकिन हाईकोर्ट ने हाल ही में आरक्षण पर रोक लगाने के बाद नए सिरे से पंचायतों का आरक्षण करने के निर्देश दिए। इसके बाद अप्रैल के प्रथम सप्ताह तक ही अधिसूचना जारी होगी। ऐेसे में बोर्ड परीक्षाओं के आयोजन को लेकर असमंजस की स्थिति बन रही है। दरअसल चुनाव में करीब 50 फीसदी मतदान कार्मिक शिक्षक होते हैं। साथ ही अधिकतर स्कूलों को पोलिंग बूथ बनाया जाता है। इस दौर में चुनाव होते हैं, तो परीक्षाएं फंस सकती हैं। डीआईओएस डॉ. कोमल सिंह यादव कहते हैं कि बोर्ड परीक्षाएं तय कार्यक्रम के अनुसार होंगी। शासन की ओर से अब तक ऐसे कोई संकेत नहीं मिले हैं।