झांसी। जिला महिला अस्पताल में स्वास्थ्य विभाग द्वारा ब्लड स्टोरेज सेंटर की शुरूआत की जानी है। लेकिन अस्पताल के जिस कमरे में सेंटर की शुरुआत होनी है उस कमरे में सालों से निजी एजेंसी के सफाई कर्मचारी कब्जा जमाए हुए हैं। जिसके चलते ब्लड स्टोरेज सेंटर की शुरूआत नहीं की जा सकी है।
गर्भवती महिलाओं में खून की कमी व तीमारदारों की परेशानी को देखते ही अस्पताल प्रबंधन द्वारा महिला अस्पताल में ही ब्लड बैंक स्टोरेज को खोलने का निर्णय लिया गया था। इसके लिए लैब के सामने स्थित एक कमरे को भी चिह्नित कर लिया गया था। लेकिन उस कमरे में नियम विरुद्ध निजी सफाई कर्मचारी सालों से कब्जा जमाए हुए हैं। इस संबंध में अस्पताल के मैनेजर जनमेजय शाक्य ने बताया कि जिस कमरे में ब्लड स्टोरेेज सेंटर की शुरुआत की जानी है। उस पर सफाई कर्मचारियों ने कब्जा कर सामना रख लिया है। एजेंसी संचालक को अस्पताल का कमरा खाली करने के लिए रिमांडर भेज कर सात दिन का समय तय किया गया है। सात दिन के भीतर खाली नही करने पर सामान को जब्त कर लिया जाएगा।