अमर उजाला फाउंडेशन - डा. कुशाग्र साहू
- फोटो : REPORTERS
झांसी। ब्लड बैंकों के खजाने खाली होने के कगार पर पहुंच चुके हैं। ये स्थिति किसी जरूरतमंद पर भारी न पड़े, इसके लिए अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से हर साल की तरह इस बार भी 14 जून को स्वैच्छिक रक्तदान शिविर आयोजित किया जा रहा है। शिविर का आयोजन जिला अस्पताल के ब्लड बैंक में सुबह आठ बजे से होगा। शिविर में रक्तदान करने के लिए लोगों के आगे आने का सिलसिला शुरू हो गया है। ये महादानी खुद तो रक्तदान करेंगे ही, बल्कि दूसरों को इसके लिए प्रेरित करेंगे। तो फिर देर किस बात की है, किसी की जान बचाने के जज्बे के साथ आप भी हो जाइये रक्तदान के लिए तैयार। आपके रक्त की हर बूंद किसी के जीवन का स्रोत बन सकती है।
रक्त किसी प्रयोगशाला में नहीं बनाया जा सकता। ये व्यक्ति के द्वारा किसी जरूरतमंद मरीज को ही दिया जा सकता है। रक्त की कमी से यदि किसी की जान जाती है, तो ये स्थिति सभी के लिए शर्मसार करने वाली है। ब्लड बैंकों में हर समय रक्त की उपलब्धता रहे, इसके लिए हम तो रक्तदान करेंगे ही, साथ ही अपने सहयोगियों को भी इसके लिए प्रेरित करेंगे।
- डॉ. मधुरिमा नायक, डेंटल सर्जन
हमारे रक्त की हर बूंद किसी के जीवन का स्रोत बन सकती है। इसी वजह से इसे महादान कहा जाता है। रक्तदान के और भी फायदे हैं। रक्तदान के बाद तेजी से नया रक्त बनता है। शरीर में नई ऊर्जा का संचार होता है। अमर उजाला फाउंडेशन के 14 जून को आयोजित रक्तदान शिविर में मैं तो रक्तदान करूंगा ही, साथ ही अन्य लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करूंगा।
- डॉ. कुशाग्र साहू, डेंटल सर्जन
अमर उजाला फाउंडेशन - डा. मधुरिमा नायक - फोटो : REPORTERS