झांसी। रक्सा थाना क्षेत्र के रमपुरा गांव में शनिवार की रात बिजली गिरने से एक युवक की मौत हो गई। मेडिकल कॉलेज में चिकित्सकों ने युवक को मृत घोषित कर दिया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दुर्घटना में मृत्यु पर दु:ख व्यक्त किया है। उन्होंने मृतक के परिजनों को चार लाख रुपये की राहत राशि उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
रक्सा क्षेत्र के रमपुरा गांव निवासी शिवदयाल के दो पुत्र व एक पुत्री है। शनिवार की रात करीब आठ बजे बड़ा पुत्र धर्मेंद्र अहिरवार (26) खेत पर था, तभी आंधी और बारिश के दौरान बिजली गिरने से वह अचेत हो गया। पीछे आ रहे चाचा बलवीर ने उसे अचेत देखा तो परिजनों को सूचना दी। परिजन तुरंत ही उसे लेकर मेडिकल कॉलेज आ गए। यहां चिकित्सकों ने धर्मेंद्र को मृत घोषित कर दिया। रविवार को पोस्टमार्टम हाउस पर छोटे भाई जितेंद्र ने बताया कि एक महीने पहले ही धर्मेंद्र की सगाई बबीना हुई थी। गर्मियों में शादी होने थी।