झांसी। रविवार दोपहर तीन बजे बबीना थाना क्षेत्र के टूंका गांव के पास सेना की फायरिंग रेंज से उठाकर लाए गए गोले से धातु निकालने के दौरान हुए विस्फोट से चाचा-भतीजी की मौत हो गई, जबकि मां गंभीर रूप से घायल हो गई। सूचना पर एसएसपी समेत अन्य पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली।
टूंका गांव निवासी दिनेश विश्वकर्मा की पुत्री आरती (19) अपनी मां सपना के साथ रविवार की सुबह खेत पर गई थी। खेत से ही कुछ दूरी पर सेना का फायरिंग रेंज है। बताया गया है कि आरती रेंज से बिना चला एक गोला उठाकर खेत पर ले आई। दोपहर तीन बजे वह खेत पर चाचा पर्वत और मां सपना के पास बैठकर गोले से तांबा-पीतल निकालने का प्रयास कर रही थी, तभी अचानक गोला फट गया। इससे मौके पर ही आरती और पर्वत की मौत हो गई। दोनों के शरीर के चीथड़े उड़ गए। जबकि मां सपना गंभीर रूप से घायल हो गई। आवाज सुनकर मौके पर ग्रामीण इकट्ठा हो गए। सूचना पर पहुंची बबीना पुलिस ने सपना को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज भेजा। एसएसपी डी प्रदीप कुमार ने मौका मुआयना कर घटना की जांच के आदेश बबीना पुलिस को दिए हैं।