ब्लैक फंगस के मरीज का काटना पड़ा जबड़ा
झांसी। महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज में ब्लैक फंगस के मरीज का जबड़ा काटकर निकालना पड़ा। डॉक्टरों ने फंगस से गल चुकी जबड़े के ऊपरी हिस्से की हड्डी को निकाला। राहत की बात ये रही कि लगातार चौथे दिन इस बीमारी का कोई मरीज सामने नहीं आया।
कोरोना महामारी में ब्लैक फंगस ने भी कहर बरपाया है। सरकारी और निजी अस्पतालों को मिलाकर अब तक झांसी में 45 मरीज इस बीमारी के सामने आ चुके हैं। लगातार इन मरीजों को ऑपरेशन कर फंगस से छुटकारा दिलाया जा रहा है। भट्टागांव निवासी 58 वर्षीय व्यक्ति के तालू और जबड़े के बीच के हिस्से में ब्लैक फंगस पहुंच गई थी। जांच में इसकी पुष्टि होने पर मेडिकल कॉलेज के डॉक्टरों ने ऑपरेशन की ठानी। सोमवार को ओटी में मरीज का ऑपरेशन किया गया। क्रिटिकल केयर इंचार्ज डॉ. रामबाबू ने बताया कि मरीज के जबड़े के ऊपरी हिस्से की हड्डी को निकाला गया है। अब मरीज ठीक है।