कुख्यात लेखराज सिंह यादव को पुलिस कस्टडी से छुड़ाने की कोशिश करने के मामले में पूर्व विधायक दीपनारायण सिंह यादव 26 सितंबर से जेल में बंद हैं। इस मामले में उनके खिलाफ नवाबाद, मोंठ, एट व कन्नौज थाने में मुकदमे दर्ज किए जा चुके हैं।
झांसी की गरौठा सीट से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) विधायक जवाहर लाल राजपूत ने समाजवादी पार्टी के नेता और पूर्व विधायक दीपनरायण सिंह यादव पर अपनी और अपने बेटे की हत्या की साजिश रचने का आरोप लगाते हुए उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
विज्ञापन
गरौठा से भाजपा विधायक जवाहर लाल राजपूत को पिछले दिनों रजिस्टर्ड डाक से एक पत्र मिला था। भेजने वाले ने विधायक को आगाह करते हुए उन्हें आगाह किया था कि उनकी व उनके पुत्र की हत्या की साजिश रची जा रही है। गरौठा के पूर्व विधायक दीपनारायण सिंह यादव के इशारे पर पुलिया नंबर नौ में रहने वाले सपा नेता सज्जन सिंह यादव द्वारा इसे अंजाम दिया जा रहा है।
पत्र में लिखा था कि इसके लिए सपा नेता की हरियाणा के एक शूटर से पांच लाख रुपये में डील भी हो गई है। एक लाख रुपये एडवांस भी दे दिए गए हैं। विधायक ने इस पत्र की जानकारी पुलिस को दी। इस पर प्रेमनगर थाने में पूर्व विधायक दीपनारायण सिंह यादव व सपा नेता सज्जन सिंह यादव के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। हालांकि, इस मामले में पुलिस सज्जन सिंह यादव से पूछताछ कर चुकी है, लेकिन कुछ सामने नहीं आया।
जेल में बंद हैं पूर्व विधायक दीपनारायण सिंह यादव
बता दें कि कुख्यात लेखराज सिंह यादव को पुलिस कस्टडी से छुड़ाने की कोशिश करने के मामले में पूर्व विधायक दीपनारायण सिंह यादव 26 सितंबर से जेल में बंद हैं। इस मामले में उनके खिलाफ नवाबाद, मोंठ, एट व कन्नौज थाने में मुकदमे दर्ज किए जा चुके हैं।