झांसी। सरकारी प्राथमिक स्कूलों में इस साल टैबलेट वितरित हो जाएंगे। शिक्षकों के साथ ही विद्यार्थियों की भी उपस्थिति बायोमीट्रिक दर्ज होगी। टैबलेट का संचालन सुचारू हो। ऐसे में लगभग सभी ग्राम पंचायतों में इंटरनेट की सुविधा भी मुहैया की जा रही है। इस कार्य के लिए निदेशालय ने बुंदेलखंड के सभी सातों जिलों पर एक नोडल अधिकारी एवं इनके सहयोग के लिए झांसी में एक खंड शिक्षाधिकारी को जिम्मेदारी दी है।
बेसिक शिक्षा विभाग में टैबलेट की खरीद प्रक्रिया तेज चल रही है। करीब 1 लाख 64 हजार से अधिक टैबलेट खरीदे जा रहे हैं। संभावना है कि यह नवंबर - दिसंबर तक लगभग प्रत्येक स्कूल में पहुंच जाएंगे। इसमें बायोमीट्रिक हाजिरी की व्यवस्था रहेगी। इसमें शिक्षकों के साथ ही एसआरजी, एआरपी, केआरपी जुडे़ रहेंगे। विभागीय जानकारों के अनुसार इस टैबलेट के माध्यम से शिक्षक एवं बच्चों दोनों की ही बायोमीट्रिक हाजिरी दर्ज होगी। इससे अधिकारियों के निरीक्षण में यह स्पष्ट हो जाएगा, कि स्कूल में कितने विद्यार्थी नामांकित है और प्रतिदिन कितने आ रहे है। हालांकि टैबलेट को लेकर अधिकारी कुछ भी कहने से बच रहे है। लेकिन विभाग के जानकारों का कहना है, कि यह प्रेरणा एप से लिंक रहेगी। इससे सभी स्कूलों में शासन की सीधी नजर रहेगी। टैबलेट वितरण का कार्य बिना किसी व्यवधान के जल्द से जल्द हो जाए। इसके लिए विभिन्न प्रकार की योजनाएं बनायी और अधिकारियों को जिम्मेदारी भी दी गई है।
मिशन प्रेरणा को गति देंगे प्रेरणा साथी
शासन ने स्वैच्छिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों को प्रेरणा साथी की जिम्मेदारी दी है। यह जिला समन्वयक, स्टेट रिर्सोस ग्रुप, एआरपी, शिक्षक संकुल तथा सभी शिक्षकों के साथ समन्वयक स्थापित करेंगे और मिशन प्रेरणा की गतिविधियों को पूर्ण कराते हुए गति देंगे। यह प्रशासनिक की बैठकों में प्रतिभाग कर आवश्यक सूचनाओं को संकलित कर जरूरी तैयारियां करेंगे।
ललितपुर जाएगी जांच टीम
सूबे के एक दर्जन से अधिक ऐसे जिले है, जिनमें बेसिक शिक्षा निदेशालय ने प्रगति काफी धीमी पायी है। काम संतोष जनक नहीं हुए है। स्कूल महानिदेशक ने इन जिलों में जांच के आदेश दिए है। विभागीय जानकारी के अनुसार मंडल के ललितपुर में भी तीन सदस्यीय जांच अधिकारियों की टीम आएगी, जो कस्तूरबा विद्यालय, प्राथमिक स्कूलों में जाएगी और मध्याह्न भोजन, कंवर्जन कास्ट, यूनीफार्म, पाठ्यपुस्तक वितरण आदि का सत्यापन मौके पर करेगी। इसके साथ ही आपरेशन कायाकल्प के काम को भी परखेगी।