अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। प्रेमनगर थाना इलाके में शुक्रवार को दो बाइकों की भिड़ंत हो गई। इसके बाद एक बाइक पर सवार दो युवकों ने दूसरी बाइक सवारों के साथ बेरहमी से मारपीट कर दी। युवक भीड़ से भी उलझ गए। बाद में खुद को घिरता देख वे मौके पर बाइक छोड़कर भाग गए।
ग्राम खजराहा निवासी युवक आकाश और सुरेंद्र दोपहर में सैंयर तिराहे से गुजर रहे थे। इसी दौरान उनकी बाइक विपरीत दिशा से आ रही दूसरी बाइक से टकरा गई। इससे गुस्साए दूसरी बाइक पर सवार युवकों ने आकाश और सुरेंद्र के साथ बेरहमी से मारपीट कर दी। मौके पर खासी भीड़ जमा हो गई। जब भीड़ युवकों को बचाने पहुंची तो आरोपी लोगों से भी भिड़ गए। इस पर मौके पर खासी संख्या में लोग जमा हो गए। खुद को घिरता देख दोनों युवक बाइक मौके पर ही छोड़कर भाग गए।
घटना संबंध में प्रेमनगर थाने के प्रभारी निरीक्षक अशोक कुमार सिंह चंदेल ने बताया कि शिकायत मिलने पर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।