झांसी। महोबा के शराब ठेेकेदार अजय पाल को अज्ञात बाइक सवार बदमाशों ने गोली मार दी। उसे उपचार के लिए झांसी के मेडिकल कॉलेज लाया गया। यहां उसकी उपचार के दौरान मौत हो गई।
महोबा के अजनार थाना के धौरा गांव निवासी अजय पाल (40) मध्यप्रदेश के नौगांव में शराब ठेकेदार है। शनिवार देर शाम बाइक से नौगांव से अपने गांव धौरा लौट रहा था। जैसे ही वह नौगांव से आगे पेट्रोल पंप की ओर बढ़ा, वहां पहले से घात लगाए बैठे बाइक सवार अज्ञात बदमाशों ने घेरकर उसकी छाती में गोली मार दी। गोली लगने से अजय लहूलुहान होकर गिर पड़ा। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। अजय को पुलिस पहले नौगांव अस्पताल ले गई, यहां उसकी हालत नाजुक देखते हुए चिकित्सकों ने झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। मेडिकल कॉलेज के डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शव का पोस्टमार्टम कराया गया। पुलिस के मुताबिक बाइक सवार बदमाशों की तलाश की जा रही है।